चंडीगढ़ में कर्फ्यू लगेगा या नहीं, फैसला कल, पंजाब ने प्रस्ताव ठुकराया, हरियाणा भी पक्ष में नहीं
- शुक्रवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लगाने का प्लान
- हरियाणा आज लेगा फैसला, कल प्रशासन तय करेगा क्या कर्फ्यू लगेगा या नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए सोमवार को चंडीगढ़ प्रशासन ने ट्राइसिटी में टोटल वीकेंड कर्फ्यू लगाने का प्रस्ताव तैयार कर पंजाब और हरियाणा को मंजूरी के लिए भेज दिया। शाम होते-होते जहां पंजाब ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, वहीं हरियाणा भी इसके पक्ष में नहीं दिखा। अब बुधवार को चंडीगढ़ प्रशासन अकेले वीकेंड कर्फ्यू लगाने का एलान कर सकता है।
सोमवार को पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में चंडीगढ़ के एडवाइजर मनोज परिदा, गृह सचिव अरुण कुमार गुप्ता समेत पंचकूला और मोहाली के डीसी भी उपस्थित रहे।
बैठक में टोटल वीकेंड कर्फ्यू लगाने पर चर्चा की गई। इस दौरान चंडीगढ़ के अधिकारियों ने कहा कि अकेले शहर में कर्फ्यू लगाने से कोई खास लाभ नहीं होगा, क्योंकि चंडीगढ़ मोहाली और पंचकूला से घिरा हुआ है इसलिए पूरी ट्राइसिटी में ही कर्फ्यू लगाने की जरूरत है।
प्रशासक बदनौर ने इस संबंध में मंजूरी दे दी। इसके बाद हर शुक्रवार शाम 7 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का प्लान तैयार किया गया। एडवाइजर मनोज परिदा ने पंजाब और हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी को चंडीगढ़ की तरफ से बनाए गए प्रस्ताव को भेजा और इस पर मंजूरी मांगी लेकिन शाम होते-होते पंजाब ने चंडीगढ़ के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
वहीं, हरियाणा भी पंचकूला में वीकेंड कर्फ्यू के पक्ष में नहीं दिखाई दिया। हालांकि हरियाणा ने अब यह तय किया है कि वह मंगलवार को एक बैठक करेंगे जिसके बाद प्रशासन के प्रस्ताव पर मंजूरी देने का फैसला किया जाएगा।
मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वालों की खैर नहीं
प्रशासक बदनौर ने कहा कि शहर में अब मास्क नहीं पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ और सख्ती बरती जाएगी। इसके लिए सार्वजनिक स्थल, पार्क, सुखना लेक व विभिन्न मार्केटों में अभियान चलाकर लोगों के चालान काटे जाएंगे। पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगतराम ने कहा कि उनके यहां लिए गए 600 कोरोना वायरस के सैंपल में से 35 पॉजिटिव पाए गए, जिसमें से 17 चंडीगढ़ से संबंध रखते हैं।
जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. बीएस चवन ने बताया कि उनके यहां लिए गए 156 सैंपल में से 15 पॉजिटिव पाए गए हैं। डायरेक्टर हेल्थ सर्विस डॉक्टर जी. दीवान ने बताया कि उन्होंने डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग के दूसरे चरण में मनीमाजरा में स्क्रीनिंग का काम पूरा कर लिया है और अब सेक्टर-45 में स्क्रीनिंग का काम शुरू करेंगे।
अस्पतालों में पुलिस फोर्स बढ़ाने के आदेश
प्रशासक ने चंडीगढ़ के डीजीपी को आदेश दिए कि व शहर के विभिन्न कॉलोनी व सेक्टरों में फ्लैग मार्च निकाले और लोगों को कोरोन वायरस प्रति जागरूक करें। उन्होंने शहर के अस्पतालों में सुरक्षा को और कड़ी करने के आदेश दिए ताकि डॉक्टर व अन्य कर्मचारी बिना डर के काम कर सकें।
प्रशासक ने कहा कि अभियान चलाकर ऐसे लोगों की पहचान की जानी चाहिए, जो उम्र में बड़े हैं और पहले से ही अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और एनजीओ की मदद ली जा सकती है। बदनौर ने कहा कि कई लोग अभी भी कोरोना को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, ऐसे में विभिन्न तरह की एक्टिविटी के माध्यम से लोगों को इसके खतरे के बारे में जागरूक करना चाहिए।
पंजाब के सीएम के मीडिया सलाहकार ने ट्वीट कर दी जानकारी
देर शाम पंजाब के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने ट्वीट कर कहा कि चंडीगढ़ की तरफ से भेजे गए ट्राइसिटी में वीकेंड कर्फ्यू लगाने के प्रस्ताव को पंजाब सरकार ने स्वीकार नहीं किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह दो दिन पहले ही सूबे में कोरोना के हालात पर एक सवाल के जवाब में साफ कर चुके हैं कि राज्य में रविवार का कर्फ्यू नहीं लगाया जाएगा।
हरियाणा की भी ना, मगर अंतिम फैसला आज
उधर, शुरुआती चर्चा में हरियाणा सरकार ने भी चंडीगढ़ के सुझाव को नकार दिया है। हालांकि अभी हरियाणा सरकार मंगलवार को विचार-विमर्श कर अपना जवाब देगी। सरकार का मुख्य फोकस अब अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना है। प्रदेश सरकार संपूर्ण लॉकडाउन के अब बिल्कुल भी पक्ष में नहीं है। सीएम मनोहर लाल रविवार को पत्रकार वार्ता में स्पष्ट कर चुके हैं कि ज्यादा केस वाले जिलों में भी लॉकडाउन या कर्फ्यू नहीं होगा। कोरोना प्रभावित क्षेत्रों व कंटेनमेंट जोन में ही सख्ती बरती जाएगी।
चंडीगढ़ के प्रस्ताव पर पंजाब के मना करने के बाद अब बुधवार को प्रशासक के साथ होने वाली बैठक में तय किया जाएगा कि चंडीगढ़ में अकेले वीकेंड कर्फ्यू लगाया जाए या नहीं। - मनोज परिदा, एडवाइजर, चंडीगढ़