नौ साल बाद परिवार में जन्मी बेटी, सजी-धजी कार में गाजे-बाजे संग लाए घर, गांव में बांटी मिठाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाज में आज भी कुछ लोग बेटियों के जन्म को एक अभिशाप की तरह देखते हैं। कुछ लोग बेटियों को कोख में ही मार देते हैं। इन सबके बीच एक पिता ने बेटी के जन्म पर जमकर जश्न मनाया। पूरे गांव में मिठाई बांटी और ढोल की थाप पर जमकर डांस किया। इतना ही नहीं परिवार सजी-धजी कार में नवजात बेटी को अस्पताल से घर लाया और समाज में एक मिसाल पेश की।
भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल के जिला प्रधान जगसीर सिंह के घर नौ साल बाद किलकारी गूंजी है। उनके घर में बेटी का जन्म हुआ। वह बेटी के जन्म से इतने खुश हुए कि उन्होंने पूरे गांव में मिठाई बंटवाई। लोगों ने ढोल की थाप पर डांस करके नन्ही गुड़िया का स्वागत किया।
नेता जगसीर सिंह छीनीवाल के घर 13 दिसंबर को बेटी हुई। इसके बाद से परिवार सहित गांव के निवासियों और पंचायत में भी खुशी का माहौल है। बेटी सिदक कौर के जन्म के बाद 17 दिसंबर को अस्पताल से छुट्टी मिली। छीनीवाल ने बेटी को घर लाने के लिए कार को दुल्हन की तरह सजाया और बेटी के नाम का स्टीकर चिपकाया। बेटी के गांव में प्रवेश करने पर लोगों ने खूब जश्न मनाया। पटाखे फोड़े।
वहीं छीनीवाल के परिवार ने घर को लाइट और गुब्बारों व रंगोली से सजाया, जिसके बाद ही बेटी को घर में प्रवेश करवाया गया। छीनीवाल ने बताया कि घर में नौ साल बाद लक्ष्मी ने जन्म लिया है, इसलिए वे बेहद खुश है। उन्होंने कहा कि वह बेटा-बेटी में फर्क नहीं करते। बेटी को अच्छी शिक्षा दिलाएंगे। वहीं लोगों ने कहा कि परिवार ने मिसाल कायम की है, जो एक नई सुबह की शुरूआत है।
जिला प्रशासन करेगा परिवार का सम्मान: डीसी
डीसी तेज प्रताप सिंह फूलका ने कहा कि किसान नेता ने बेटी के जन्म पर कार्यक्रम करके समाज को अच्छा संदेश दिया। यह एक अच्छी पहल साबित हो सकती है। जिला प्रशासन परिवार का सम्मान करेगा। बेटी के जन्म पर भाकियू के पंजाब प्रधान अजमेर सिंह लक्खोवाल, सांसद भगवंत मान, विधायक कुलवंत पंडोरी, विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित कई लोगों ने बधाई दी।