कैप्टन का मोदी पर बड़ा आरोप, बोले- बड़ी मछली छोड़ आम लोगों को दी तकलीफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने रविवार को बठिंडा से होते हुए अबोहर रैली के लिए जाते समय स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की बठिंडा स्थित एक ब्रांच में रुककर मोदी सरकार द्वारा नोट बंद करने के फैसले के बाद हुई पैसे की कमी के चलते संघर्ष करने को मजबूर लोगों के साथ सहानुभूमि प्रकट की।
कैप्टन अमरेन्द्र ने कहा कि मोदी सरकार ने गुरपर्व के त्यौहार की खुशियां छीन ली हैं। वर्तमान में पैसों की भारी तंगी का सामना कर रहे परेशान लोगों के पास सोमवार को श्री गुरू नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर खर्च करने को पैसे नहीं हैं।
लोगों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को शिकायत की कि गुरपर्व हमारे लिए एक बहुत बड़ा पर्व है, लेकिन हमारी कोई गलती न होने के बावजूद हम हर बार की तरह उत्साह से इस त्यौहार को नहीं मना पा रहे हैं।
बैंक के कई ग्राहकों ने कैप्टन अमरेन्द्र को बताया कि उनमें से कइयों को शनिवार को खाली हाथ लौटना पड़ा था और आज वे रविवार को एक बार फिर से सुबह 7 बजे से कतारों में खड़े हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बैंक के अधिकारियों से मुलाकात की
उन्होंने बताया कि उनके पास अपनी दो वक्त की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी पैसे नहीं हैं। जिस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शर्मनाक है कि लोगों को इतनी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है कि उन्हें कड़ी मेहनत करके कमाए अपने पैसों से भी वंचित होना पड़ रहा है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बैंक के अधिकारियों से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें बताया कि उनके पास सबको देने के लिए आवश्यक नकदी नहीं है। कैप्टन अमरेन्द्र ने कहा कि जिस प्रकार से मोदी सरकार ने नोट बंद करने का उक्त फैसला लिया है, यह पूरी तरह से तानाशाही फैसला है और इस फैसले ने देश के आम लोगों को बिना कारण परेशानी में डाल दिया है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में सिर्फ गरीब व मासूम लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जबकि भ्रष्ट लोग आजाद घूम रहे हैं। जिससे साफ है कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के परिवारों व मित्रों समेत कई बड़ी मछलियों को पहले से ही इस कदम के बारे में पता था और उन्हें अपना काला धन ठिकाने लगाने के लिए काफी वक्त मिल गया।
कैप्टन अमरेन्द्र ने खुलासा किया कि ऐसे लोग बेसब्री से अपने पैसों को बैंकों से निकालने का इंतजार कर रहे हैं, जिन्हें आखिर में मोदी के तानाशाही फैसले का फायदा मिलेगा। प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष ने कहा कि खासकर पंजाब के किसानों को प्रधानमंत्री की इस मार का सामना करना पड़ रहा है, जो धान की खरीद में देरी के बाद अभी तक मंडियों से अदायगियां हासिल करने का इंतजार कर रहे हैं। किसान एक बार फिर से सरकार के गलत व अर्थहीन नीतियों के शिकार बने हैं।