नशे का सबसे बड़ा सरगना इटली से गिरफ्तार, पंजाब पुलिस मांगेगी रिमांड, कैप्टन ने कहा- बख्शेंगे नहीं
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि अमृतसर सरहदी क्षेत्र के सुलतानविंड गांव के घर में से पकड़ी गई 195 किलो से अधिक हेरोइन के मामले में कोई भी हो, किसी भी पार्टी का हो, बख्शा नहीं जाएगा। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में जो मुख्य किंगपिन पकड़ा गया है, वह अकाली सरकार के दौरान एसएस बोर्ड का सदस्य था।
उन्होंने कहा कि नशे का खात्मा करने के लिए ऐसे कदम उठाए जाएंगे, जिससे पंजाब से नशा पूरी तरह खत्म किया जा सके। उन्होंने बताया कि आरंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस मामले के तार विभिन्न देशों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तब तक जंग जारी रखेगी जब तक इस समस्या को जड़ से खत्म नहीं कर दिया जाता।
बीती रात हुई गिरफ्तारियों और बरामदगी के विवरण जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस घर से बरामदगी हुई है, वह घर कथित तौर पर अनवर मसीह से संबंधित है, जो पिछली अकाली-भाजपा सरकार द्वारा अधीन सेवाएं चयन बोर्ड (एसएसएस बोर्ड) का सदस्य नियुक्त किया गया था।
प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनकी सरकार ने राज्य में नशों के कारोबार के साथ जुड़े किसी भी तस्कर, गैंगस्टर और आतंकवादी को सिर उठाने नहीं दिया। इसी कारण पंजाब में नशों से होने वाली मौतों की संख्या में भी भारी गिरावट आई है। यह सरकार और पुलिस की कोशिशों स्वरूप ही संभव हुआ है। 2018 में 114 मौतें हुई थीं जबकि 2019 में यह संख्या घटकर 47 रह गई। कैप्टन ने कहा कि उनकी सरकार तब तक जंग जारी रखेगी जब तक यह समस्या जड़ से नहीं ख़त्म होती।
कैप्टन ने कहा कि मसीह की शमूलियत के बारे जांच जारी है, जो यह दावा कर रहा है कि उसने यह घर उस व्यक्ति को किराए पर दिया था जिसे एसटीएफ बॉर्डर रेंज ने बीती रात गिरफ्तार किया है। हालांकि मसीह अपने दावे को पुख्ता करने के लिए कोई भी किराए के सबूत का दस्तावेज पेश नहीं कर सका और न ही उस इलाके के लोगों को इस बात की जानकारी है कि कोई किराएदार यहां रहता था।
प्राथमिक जांच के दौरान पुष्टि हुई है कि मुलाजिम पिछले एक महीने से इस घर को इस्तेमाल कर रहा था। इस बरामदगी और गिरफ्तारियों के लिए पुलिस को बधाई देते हुए कैप्टन ने कहा कि शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि नशों का कारोबार भारत में नशों के सबसे बड़े सरगना सिमरनजीत सिंह संधू से संबंध रखता है, जिसे हाल ही में इटली से गिरफ्तार किया गया है। उनकी सरकार संधू का रिमांड भी मांगेगी जिसके पास ऑस्ट्रेलियन पासपोर्ट है और जिसे इटली से गुजरात के अधिकारियों द्वारा इंटरपोल पुलिस के पास नजरबंद किया गया।
नशों की समस्या से निपटने में उनकी सरकार कितनी सफल रही है के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कोशिशों से नशों के कारोबार को बड़ी रोक लगी है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मार्च 2017 से जनवरी 2020 (मौजूदा मामले से पहले तक) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 35,500 केस दर्ज हुए।
इस समय के दौरान 44,500 तस्करों /गिरोहों को गिरफ्तार किया गया जबकि 11000 मौजूदा समय में जेलों में बंद हैं। उन्होंने कहा कि इस समय के दौरान 1100 किलो हेरोइन पकड़ी गई। इसके अलावा बीते दिन पकड़ी गई 194.15 किलो हेरोइन अलग है। उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन प्रोग्राम के हिस्से के तौर पर जो कोई पंचायतें 100 प्रतिशत नशा मुक्त गांव होने की रिपोर्ट पेश करेंगी, उनको विशेष अनुदान दिया जाएगा।