हरियाणा रोडवेज में बंपर भर्ती, तैयार रहें युवा
हरियाणा सरकार अपने परिवहन विभाग में 5100 बसें शीघ्र शामिल करने जा रही है। साथ ही ड्राइवरों की कमी को पूरा करने के लिए 1000 ड्राइवर भी जल्द रोडवेज में भर्ती किए जाएंगे।
यह जानकारी हरियाणा के परिवहन एवं शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने स्थानीय विकास सदन में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब में दी। राज्य सरकार जल्द ही बेहतरीन यातायात नीति लाने जा रही है।
मंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेश के हर बस अड्डे पर आगामी 15 दिनों में आरओ वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे, इस संदर्भ में अधिकारियों को पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाने के मामले में अग्रिम पंक्ति में आता है। प्रदेश की बसों में प्रतिदिन लगभग 19 लाख यात्री सफर करते हैं।
शीघ्र ही शिक्षकों की भर्ती होगी
यात्रियों को स्वच्छ व ठंडा जल पीने को मिले इसके दृष्टिगत बस अड्डों पर आरओ वाटर कूलर लगाए जाएंगे। पत्रकारों के पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों में दसवीं कक्षा का पास प्रतिशत करीब 34 प्रतिशत रहा है, लेकिन यह पिछली सरकार की अव्यवस्था की देन है।
पिछली सरकार वर्ष 2008 से बोर्ड परीक्षा परिणामों को बढ़-चढ़कर अनुकंपा के आधार पर प्रदर्शित करती रही है। पिछली सरकार की नीति के कारण शिक्षा की गुणवत्ता का ग्राफ घटा है, लेकिन वर्तमान हरियाणा सरकार इस दिशा में बुनियादी और सकारात्मक कदम उठा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी सितंबर महीने में होने वाली रि-एपियर परीक्षा देने से पूर्व छात्रों को तैयारी करवाई जाएगी। इसके बेहतर परिणाम होंगे और जिन स्कूलों में परिणाम कमजोर रहा है उन स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों से तैयारी करवाई जा रही है। शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए शीघ्र शिक्षकों की भर्ती होगी।