धुंध की आड़ में पाक का नापाक खेल शुरू, सरहद से भेज रहा 'मौत का सामान'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में धुंध शुरू होते ही भारत-पाक सरहद पर दोनों देशों के तस्कर सक्रिय हो गए हैं। फिरोजपुर में बुधवार को सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सरहद से साढ़े सात किलो हेरोइन, एक पिस्तौल, सात कारतूस व एक मैगजीन पकड़ी है। यह खेप भारतीय तस्करों ने पाकिस्तान तस्करों से मंगवाई थी।
जिस किसान के खेत से यह खेप बरामद हुई है, उससे बीएसएफ के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। बीएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि भारतीय तस्करों ने पाकिस्तान से हेरोइन और असलहा की खेप मंगवाई है, जो बीएसएफ की बीओपी बारेके के पास फेंसिंग पार किसी खेत में छिपाकर रखी गई है।
बीएसएफ बटालियन-136 के जवानों ने सर्च आपरेशन चलाकर सुबह करीब साढ़े सात बजे सरहद पर लगी फेंसिंग पार खेत में बार्डर पिल्लर के पास एक लिफाफे में हेरोइन के सात पैकेट बरामद किए, जिनका वजन सात किलो 528 ग्राम आंका गया।
बीएसएफ को हेरोइन के साथ एक पिस्तौल, एक मैगजीन और सात कारतूस भी बरामद हुए हैं। उल्लेखनीय है कि बीएसएफ ने इस साल पंजाब से सटे भारत-पाक सीमा से 469 किलो 613 ग्राम हेरोइन, 35 आधुनिक हथियार और 657 कारतूस पकड़े हैं।
इससे पहले जालंधर पुलिस ने मंगलवार को फिरोजपुर के सीमांत गांव गंदू किलचा के रहने वाले बीस वर्षीय तस्कर रणजीत सिंह और उसके तीन साथियों को ग्यारह किलो हेरोइन व ग्यारह लाख रुपये की नगदी के साथ काबू किया था। चर्चा है कि यह ग्यारह किलो हेरोइन की खेप भी फिरोजपुर सेक्टर से सटी सरहद के जरिए पाकिस्तान से आई थी।
धुंध पड़ते ही घुसपैठ, हेरोइन तस्करी शुरू
सर्दी बढ़ने के साथ धुंध पड़ते ही सरहद पर पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ के अलावा हेरोइन व हथियारों की तस्करी का सिलसिला शुरू हो गया है। हाल ही में गुरदासपुर से सटी सरहद के रास्ते पाक की तरफ से घुसपैठ का प्रयास किया गया। बीएसएफ (पंजाब) ने इस साल पाक से आई हेरोइन व असलहा पिछले दो साल की तुलना में ज्यादा पकड़ा है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक भारतीय-पाकिस्तानी तस्करों ने वर्ष 2020 में व्हाट्सएप और इंटरनेट का सबसे ज्यादा इस्तेमाल कर भारी मात्रा में हेरोइन और हथियारों की तस्करी की है। 12 सितंबर 2020 को पाक की तरफ से बीओपी न्यू गजनी वाला के पास से आधुनिक हथियारों की खेप भेजी गई, जिसे बीएसएफ ने पकड़ लिया। इस खेप में तीन एके-47 राइफल, छह मैगजीन व 91 कारतूस, दो एम-16 राइफल, चार मैगजीन व 57 कारतूस के अलावा चीन में बनी दो पिस्टल, चार मैगजीन व 21 कारतूस थे।
इससे पहले यहां से हथियारों की एक खेप निकल भी चुकी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने क्षेत्र में हथियारों के साथ एक तस्कर को पकड़ा था, उसके पास भी उसी तरह का बैग था, जिस तरह के बैग में ममदोट क्षेत्र में हथियार पकड़े गए थे।
पाकिस्तान की तरफ से पिछले साल अगस्त, सितंबर, अक्तूबर और इस साल जनवरी में फिरोजपुर, फाजिल्का, तरनतारन और अमृतसर में लगभग 28 बार सरहदी गांवों में ड्रोन भेजे। इनके जरिये भी कई जगहों पर हेरोइन और हथियार भी फेंके जाने की चर्चा है। सुरक्षा एजेंसियों को तरनतारन में ड्रोन के जरिये भेजी गई एके-47 राइफल व अन्य सामग्री भी मिली थी।
बीएसएफ ने 2020 में सबसे ज्यादा हेरोइन व आधुनिक हथियार पकड़े
बीएसएफ ने इस साल अब तक लगभग 456 किलो हेरोइन, 32 आधुनिक हथियार (एके-47 व एम-16 राइफल) व 650 कारतूस पकड़े हैं। बीएसएफ ने पंजाब बार्डर से वर्ष 2019 में तकरीबन 201 किलो हेरोइन, 10 हथियार व 455 कारतूस और वर्ष 2018 में लगभग 221 किलो हेरोइन, 19 हथियार व 502 कारतूस पकड़े थे।