हरियाणा में हादसे, काल के गाल में समाईं 10 जिंदगियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हादसे में छह वर्षीय बच्चे की मौत: कुछ ऐसे भी आती है मौत और छीन ले जाती हैं जिंदगियों को। हरियाणा में हुए अलग अलग हादसों ने छीन ली 10 जिंदगियां। दरअसल रतिया में गांव नंगल और बलियाला के बीच में राधा स्वामी डेरे के पास वाहनों की भिड़ंत में बाइक सवार एक छह वर्ष के बच्चे की मौत हो गई और उसके माता-पिता सहित छोटे भाई को गंभीर चोटें आई। गांव नंगल के मक्खन सिंह ने बताया कि उसका लड़का छिंद्रपाल बृहस्पतिवार शाम अपनी पत्नी पम्मी को दवाई दिलवाने बाइक पर सवार होकर रतिया आ रहा था।
उनके साथ दो बेटे छह वर्षीय यशवीर और छह वर्षीय लखवीर भी साथ ही थे। गांव नंगल और बलियाला के बीच स्थित राधा स्वामी के डेरे के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में यशवीर की मौत हो गई जबकि उसके छिंद्रपाल, पम्मी और लखवीर को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते तीनों घायलों को रेफर कर दिया।
बाइकें भिड़ीं, कारपेंटर की मौत: उधर फतेहाबाद के गांव ढांड के समीप दो बाइकें भिड़ गईं, इस हादसे में एक कारपेंटर की मौत हो गई। गांव किरढ़ान निवासी 32 वर्षीय विनोद पुत्र देवीलाल कारपेंटर का काम करता था। गांव सदलपुर में विवाह समारोह में हिस्सा लेकर देर रात बाइक से वापस घर आ रहा था।
ट्रेन की चपेट में आने से एक की मौत: बावल में बावल-करनावास रेल मार्ग पर बुधवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। जीआरपी के एएसआई उमेद सिंह ने बताया कि मृतक का नाम संतोष कुमार है। उसकी उम्र लगभग 50 वर्ष है और वह हैदराबाद के रंगारेवा तेलंगाना का रहने वाला है।
वह यहां बावल औद्योगिक क्षेत्र की सनकाई कंपनी में मजदूर के तौर पर कार्यरत था। बुधवार रात को दो बजे अपनी ड्यूटी ऑफ करने के उपरांत वह रेल पटरी के निकट से गांव खरखड़ी की ओर आ रहा था। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई।
हृदयगति रुकने से सेना के जवान की मौत
कोसली क्षेत्र के गांव सुरहेली निवासी सेना के जवान की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गांव सुरहेली निवासी दवन सिंह का पुत्र देवेंद्र वर्ष 2004 में सेना में भर्ती हुआ था। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के जिला कानपुर में तैनात था। बताया जा रहा है कि वहां जवान की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। सैनिक का पार्थिवशरीर बृहस्पतिवार को उसके पैतृक गांव लाया गया।
पीर की दरगाह पर करंट लगने से एक की मौत: फतेहाबाद शहर के पुरानी तहसील चौक पर स्थित पीर बाबा की दरगाह पर मां के साथ माथा टेकने गए युवक की मौत हो गई जबकि इस घटना में उसकी मां और भाई का साला बाल-बाल बच गए। अशोक नगर निवासी 23 वर्षीय रवि अपनी मां विद्या देवी, भाई का साला रवि के साथ बृहस्पतिवार सुबह तहसील चौक स्थित पीर बाबा की दरगाह पर माथा टेकने गया था।
पीर बाबा की दरगाह में टेंट लगा हुआ था। इसमें लाइटें लगाई गई थीं। रात को आई तेज हवा के कारण बिजली की तारें टूटकर लोहे की पाइप पर गिर गई। सुबह जब रवि दरगाह पहुंचा तो उसका हाथ लोहे के पाइप से छू गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। इसमें उसकी मां और भाई के साले रवि को भी जोरदार झटका लगा और वे दोनों दूर जा गिरे। रवि की दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
ट्रक ने मारी कार में टक्कर, 2 की मौत: ओढ़ां (सिरसा) में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर नौ पर कार और ट्रक के बीच भिडंत में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कालांवाली निवासी कपड़ा व्यापारी मनजीत सिंह किसी कार्य से तख्तमल निवासी मनजीत कुमार की कार किराये पर लेकर सिरसा गया था। वापस आते समय सिरसा में उन्हें लाल सिंह, अवनीश कुमार और पवन कुमार मिल गए जिन्होंने कार में लिफ्ट ले ली।
कार जब रात्रि 11 बजे ओढां बिजलीघर के निकट पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक ने कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। ये हादसा इतना भयावह था कि कार का अगला भाग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और सभी कार में फंसकर रह गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक मनजीत कुमार (25 वर्ष) निवासी तख्तमल और वार्ड नंबर 13 कालांवाली निवासी मनजीत सिंह (37 वर्ष) ने दम तोड़ दिया जबकि कार में सवार पवन कुमार, लाल सिंह व अवनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जिनमें पवन को गंभीर अवस्था में सिरसा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जाता है कि घायल लाला राम, पवन कुमार अविनाश तीनों दोस्त हैं और वे मंडी कालांवाली में सब्जी की रेहड़ी लगाते थे।
बाइक नहर में गिरी, मामा-भांजी की मौत
कोसली क्षेत्र के गांव बव्वा के पास बाइक नेहरू केनाल में गिरने से मामा और भांजी की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने भांजे को डूबने से बचा लिया। हादसा उस समय हुआ जब तीनों बाइक पर गांव कोहारड़ से महेंद्रगढ़ के मालड़ा गांव जा रहे थे। महेंद्रगढ़ जिले के गांव मालड़ा निवासी सुरेश का बेटा सोनू (18) अपने भांजे विकास (10) और भांजी प्रियंका (12) के साथ बाइक पर गांव कोहारड़ आया था।
दोनों बच्चे राजस्थान के साहली मुंडावर निवासी विजय सिंह के थे। तीनों यहां कुल देवता पर प्रसाद चढ़ाने आए थे। प्रसाद चढ़ाने के बाद तीनों बाइक पर बुधवार शाम वापस गांव मालड़ा जा रहे थे। जब यह लोग बव्वा के पास नेहरू केनाल पर बनी पुलिया को क्रास कर रहे थे तभी बिना रेलिंग वाली पुलिया पर बाइक असंतुलित हो नहर में जा गिरी।
ग्रामीणों ने उन्हें गिरते देखा तो बचाने को नहर में कूद पड़े। विकास को बचा लिया लेकिन तेज बहाव के कारण डूबने से मामा-भांजी की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नहर के पानी को पीछे से बंद करवाया और रात में ही गांव बव्वा के लोगों की मदद से शवों को नहर से निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंपें गए।
जेएलएन नहर में डूबा बी-टेक का छात्र: रेवाड़ी के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के मांडैया कलां गांव के पास जेएलएन नहर में नहाने पहुंचे बी-टेक के छात्र की डूबने से मौत हो गई। बलिहार कलां निवासी राहुल (21) बीटेक का छात्र था और छुट्टी पर रेवाड़ी स्थित अपने गांव आया था। बृहस्पतिवार शाम वह गांव के ही अपने तीन दोस्तों के साथ मांडैया कलां गांव के पास जवाहर लाल नेहरू नहर में नहाने गया था।
बताया कि इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर नहर में गिर गया। इसी दौरान कोई चोट लगने से वह बेसुध हो गया और नहर में बहाव के साथ बहता चला गया। दोस्तों व आसपास मौजूद लोगों ने नहर में छात्र को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर से बाहर निकालने से पहले ही राहुल की मौत हो चुकी थी।