Punjab News: जालंधर में नहर में मिला किन्नर का शव, रायकोट में कूड़े के ढेर में पड़ी थी नवजात की लाश
पंजाब के लुधियाना जिले के लोहटबद्दी इलाके में नवजात का शव कूड़े के ढेर में मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को जगरांव के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।
विस्तार
जालंधर देहात के थाना लांबड़ा के गांव तराडा से अज्ञात महंत (किन्नर) का नहर में शव मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। थाना लांबड़ा के पुलिस अधिकारी जतिंदर कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद वह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को सिविल अस्पताल भेजा। मृतका के शरीर पर काफी घाव हैं। पुलिस ने आसपास के गांवों में पहचान के लिए टीमें भेजी हैं। फिलहाल पुलिस ने 174 की कार्रवाई की है।
हलवारा: कूड़े के ढेर में मिला नवजात का शव
उधर, लुधियाना जिले के थाना सदर रायकोट के अंतर्गत चौकी लोहटबद्दी इलाके में नवजात का शव मिला है। राहगीरों ने इसकी सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी लोहटबद्दी प्रभारी गुरसेवक सिंह ने बताया कि शव को पहचान के लिए सिविल अस्पताल जगरांव में रखवाया गया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गुरसेवक सिंह ने बताया कि गांव लोहटबद्दी निवासी अनंतपाल सिंह ने पुलिस बताया कि वह मंगलवार सुबह सैर पर निकला था। इस दौरान ब्रह्मपुर सड़क मार्ग पर छप्पड़ के पास सेम नाला पुल के नीचे कूड़े के ढेर में नवजात का शव दिखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।