पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह पर लगा मारपीट का आरोप, एक्सीडेंट के बाद हुआ था विवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह पर मारपीट के आरोप लगे हैं। आरोप जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित एसबीआई शाखा के बैंक मैनेजर ने लगाए हैं। आरोप है कि रविवार सुबह करीब 11 बजे सेक्टर-35ए में इनोवा और सियाज कार की टक्कर के बाद इनोवा चालक ने फोन कर सरदार सिंह को बुला लिया, जिन्होंने सियाज चालक के साथ मारपीट की।
सूचना पर पहुंची सेक्टर-36 थाना पुलिस ने इनोवा चालक दीदार सिंह और सियाज चालक सचिन की शिकायत पर क्रास एफआईआर दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में दोनों को जमानत मिल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान दर्ज पीड़ितों का मेडिकल करवाया।
सेक्टर-37 निवासी सचिन शर्मा ने बताया कि वह पीरमुछल्ला स्थित एसबीआई बैंक में मैनेजर हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने बेटे को कोचिंग सेंटर में छोड़कर वापस सियाज कार (नंबर सीएच 01 बीएफ2801) से घर लौट रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सेक्टर-35ए स्थित मकान नंबर 106 के पास जब वह कार को टर्न कर रहे थे तभी अचानक उनके सामने एक इनोवा (नंबर सीएच 05 टी 9985) आ गई। इससे दोनों गाड़ियां आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद इनोवा चालक दीदार सिंह ने किसी को फोन किया। थोड़ी देर बाद सरदार सिंह एक अन्य युवक वहां पहुंचे और इनोवा चालक के साथ मिलकर उसकी पीटाई कर शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए। इनोवा चालक दीदार सिंह का कहना है कि सियाज तेज रफ्तार से आ रही थी, जिसके चलते हादसा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने सचिन के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 के तहत केस दर्ज कर लिया जबकि सचिन की शिकायत पर दीदार सिंह के खिलाफ 323, 341 और 506 के तहत मामला दर्ज दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
हादसे के बाद मच गई अफरा-तफरी
आसपास के लोगों ने बताया कि हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों गाड़ियों की टक्कर से जोरदार आवाज हुई। इसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए। बताया गया कि इनोवा में महिलाएं समेत बच्चे भी सवार थे। इनोवा के चालक के साइड और सियाज का अगला हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया। हादसे में सभी बाल-बाल बच गए।
सचिन के परिजन बोले- नाइंसाफी हुई, एसएसपी से करेंगे मुलाकात
सचिन के परिजनों का कहना है कि उनके साथ नाइंसाफी हुई है। सचिन पर सरदार सिंह ने हाथ उठाया था लेकिन पुलिस ने उन पर केस दर्ज कर करने के बजाए इनोवा चालक पर केस रजिस्टर कर दिया है। अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वह एसएसपी ऑफिस जाकर मामले की शिकायत करेंगे।
हॉकी वर्ल्ड कप के काफी व्यस्त चल रहा हूं। सुबह फोन आया कि परिवार के सदस्यों का एक्सिडेंट हो गया है। हादसे की खबर सुनकर घबरा गया। इसके बाद फौरन मौके पहुंचकर सभी का हाल जाना। मेरे ऊपर लगाए गए मारपीट के आरोप बेबुनियाद हैं। -सरदार सिंह, पूर्व कैप्टन, भारतीय हॉकी टीम
हादसे के बाद दोनों पक्षों के चालकों के खिलाफ क्रास एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। -पवन कुमार, डीएसपी, पीआरओ