जनसभा में भावुक हुए भाजपा अध्यक्ष, जानिए क्यों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव में लगातार तीन बार हारे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा का यह दर्द उनके गले से आंखों तक आ पहुंचा। भाषण देते हुए वह न केवल भावुक हो गए, बल्कि उनकी आंखें भी नम हो गईं। एक मिनट तक जनसभा में सन्नाटा छा गया।
सन्न रह गए लोग समझ ही नहीं पाए कि कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते बोलते शर्मा को अचानक क्या हुआ? बाद में मंच पर बैठे नेताओं ने शर्मा को संभाला। वह बृहस्पतिवार को महेंद्रगढ़ विकास मंच के अध्यक्ष व पिछली बार के निर्दलीय प्रत्याशी कुलबीर सिंह बोहरा द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले, पिछले विधानसभा चुनाव में करीब 16 हजार मत लेने वाले निर्दलीय कुलबीर बोहरा ने अपने मंच का समर्थकों के साथ भाजपा में विलय करने की घोषणा की। वहीं प्रदेशाध्यक्ष ने बोहरा को प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी समिति का सदस्य नियुक्त किया।
भारतीय संस्थान के ग्राउंड में हुई जनसभ को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के दस साल के शासन में महेंद्रगढ़ की जमीनों पर धड़ाधड़ कब्जे हुए और अधिग्रहण के नाम पर किसानों से जमीनें छीनी गई। आज भय का माहौल है।
भावुक हो गए और उनका गला रूंध गया
पुराने दिनों को याद करते हुए शर्मा ने कहा कि वह आज भी नहीं भूले हैं जब उनके घर को आग लगा दी गई थी। इतना कहते ही शर्मा भावुक हो गए और उनका गला रूंध गया। आधा मिनट तक चुप रहने के बाद उनकी आंखें भी नम हो गई।
उन्होंने इतना ही कहा कि इस बार महेंद्रगढ़ के मान सम्मान के लिए वोट दें। भावुक शर्मा ने मंच के माध्यम से जनता से अपना कसूर भी पूछा? उन्होंने कहा कि कुछ लोग जाति के नाम पर चुनाव लड़ते हैं और राजनीति की मर्यादा का अपमान करते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने टिकट वितरण में उन पर लगे आरोपों पर भी स्पष्टीकरण दिया।
उन्होंने कहा कि आज तक उन्होंने इस पगड़ी का मान रखा है और कभी किसी से एक रुपया नहीं लिया। आरोप तो लोकसभा चुनाव में भी लगे थे, और अब भी लग रहे हैं। वे इससे नहीं घबराते, जनता मेरे साथ रहे, बस इससे ज्यादा कुछ नहीं चाहिए। बता दें कि रामबिलास राव दान सिंह से लगातार तीन बार हार का सामना कर चुके हैं और एक बार फिर आमने सामने हैं।
जनसभा के बाद शर्मा ने बोहरा के साथ शहर में रोड शो भी किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश के सांसद लक्ष्मीनारायण, नीरा बोहरा, परमवीर, कंवर सिंह यादव, दिनेश तंवर, संदीप यादव, सत्यप्रकाश, नौरंग सिंह, देवेन्द्र यादव, सतीश यादव, राव सत्यबीर सिंह, वीर प्रकाश यादव,राधेश्याम लावन, रामस्वरूप रिवासा,शेर सिंह नम्बरदार आदि उपस्थित थे।
समर्थकों ने शर्मा को भावी मुख्यमंत्री बताया
हालांकि, सीएम पद के उम्मीदवारी को लेकर अभी तक भाजपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन पहली बार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दिल्ली हुई हमारी है, अब महेंद्रगढ़ की बारी है। जबकि इससे पहले महेंद्रगढ़ की बजाए चंडीगढ़ का नारा दिया जाता था।
इस दौरान समर्थकों ने शर्मा को भावी मुख्यमंत्री बताया और महेंद्रगढ़ की तुलना चंडीगढ़ से की। इससे पहले, दर्जनों गांवों के लोगों ने शर्मा को पगड़ी पहनाई।
बेशक केंद्र सरकार गंगा की सफाई को लेकर अभी तक ठोक कदम नहीं उठा सकी, लेकिन नेता पानी के मामले पर राजनीति करने से नहीं चूक रहे। जनसभा में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि दक्षिण हरियाणा की धरती पर भाजपा पानी लाएगी, इसके लिए चाहे गंगा से पानी लाना पड़े या फिर जमुना और भाखड़ा से। इस जुबले पर तालियां तो जरूर बजी, लेकिन गंगा से दक्षिण हरियाणा में पानी लाना एक सपने के समान है।