हार की समीक्षा के लिए भाजपा ने बुलाई बैठक, कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री को सुनाई खरी-खरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव में जींद की पांच से चार सीटों पर भाजपा को मिली हार की समीक्षा के लिए बुधवार को कैथल रोड स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें खरी-खरी सुनाई और बड़े नेताओं को हार के लिए जिम्मेदार बताया।
वहीं विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने भी बिना नाम लिए पार्टी के बड़े नेताओं पर निशाना साधा और कहा कि साजिश के तहत उन्हें हराने का प्रयास किया गया। वह तो कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीत गए। इस पर पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी ने कार्यकर्ताओं का फीडबैक संगठन की बैठक में रखने का आश्वासन दिया।
बुधवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों की मीटिंग बारी-बारी से हुई, लेकिन इसमें जींद विधानसभा क्षेत्र की मीटिंग खास रही। जींद से भाजपा की जीत के बावजूद कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व पर खुलकर भड़ास निकाली। एक कार्यकर्ता ने तो पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी से यह तक पूछ लिया कि क्या वे कार्यकर्ताओं को जानते हैं।
कार्रवाई हो तो बात कहूं, नहीं तो क्यों बुराई लूं
मीटिंग में विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने शुरूआत में ही पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी से कहा कि यदि कार्रवाई होती है तो वे अपनी बात कहें, नहीं तो क्यों बुराई लें। इस पर बेदी ने कहा कि उनकी बात संगठन की मीटिंग में रखी जाएगी। ऐसे में मिड्ढा ने कहा कि मलाइदार पदों पर बैठे लोगों ने उन्हें हराने का पूरा प्रयास किया। जिन लोगों की सरकार में चलती थी, उन्होंने ही हार के लिए साजिश रची। इस पर जब उनसे नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे नेता मीटिंग में ही बैठे हैं।
मेरिट पर नौकरी ने बिगाड़ा खेल
इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार की मेरिट पर नौकरी की नीति ने भी हार करवाई है। जो लोग नौकरी लगे, उन्होंने कहा कि वे अपनी मेहनत से लगे हैं और कार्यकर्ताओं के कोई काम नहीं हुए। इसके चलते वोट नहीं मिली। कार्यकर्ताओं की अनदेखी के कारण हार हुई है।
पांच में से चार सीट हारी है भाजपा
जिला में विधानसभा की पांच सीट हैं। इनमें से जींद विधानसभा को छोड़कर उचाना, नरवाना, सफीदों व जुलाना की सीट भाजपा हार गई थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं का फीडबैक लेने के लिए मीटिंग हुई। सुबह करीब साढ़े दस बजे मीटिंग शुरू हुई। एक-एक कर हर विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा हुई। अंत में जींद व उचाना विधानसभा क्षेत्र की मीटिंग संयुक्त रूप से हुई।
सभी हलकों की समीक्षा हुई है, मीटिंग में जींद विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान कुछ गर्मा-गर्मी हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भी अपनी बात रखी है। हां विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कुछ लोगों पर हार के लिए साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। इस पर पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी ने संगठन की बैठक में बात रखने को कहा है। - अमरपाल राणा, जिलाध्यक्ष, भाजपा।