नागरिकता संशोधन कानून पंजाब में लागू न करने पर भड़के भाजपाई, फूंका पंजाब सरकार का पुतला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में कैप्टन सरकार की ओर से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू न करने पर भड़के भाजपाई मंगलवार को सड़क पर उतर आए। पंजाब के विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पुतला भी फूंका। पठानकोट में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विपन महाजन की अगुवाई में बाल्मीकि चौक में रोष प्रदर्शन किया। साथ ही कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला फूंका।
नेताओं ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून किसी के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि यह कानून में 6 धर्मों के प्रताड़ित भारत में पिछले कई वर्षों से रह रहे नागरिकों को देश की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए है। मास्टर मोहन लाल ने कहा कि हम नागरिकता दे रहे हैं, राष्ट्रीयता नहीं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में 23 प्रतिशत हिंदू थे, जिन्हें प्रताड़ित कर पाकिस्तान से बाहर निकाल दिया था। आज वहां पर नाममात्र हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों को उकसा कर देश भर में दंगे करा रही है। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार सूबे में इस कानून को लागू नहीं कर रही।
इस कानून के लागू होने से देश के किसी भी नागरिक को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम सबको इस कानून को मानना चाहिए और इतने वर्षों से परेशान हिंदुओं को अपनाना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष नरिंद्र परमार, पूर्व विधायक सीमा कुमारी, विनोद धीमान, प्रदीप रैणा, भाजयुमो प्रदेश सचिव मनदीप अरोड़ा, अंकुश महाजन आदि उपस्थित थे
‘घुसपैठियों का साथ दे रही कैप्टन सरकार’
फतेहगढ़ साहिब में नागरिकता संशोधन कानून सूबे में न लागू करने के विरोध में भाजपा जिला इकाई ने सरहिंद मंडी में मंडल प्रधान मनोज गुप्ता के नेतृत्व में रोष प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला फूंका। साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नंगल में कैप्टन सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
नागरिकता संशोधन कानून सूबे में नहीं लागू करने पर भाजपाइयों ने कैप्टन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला रूपनगर भाजपा अध्यक्ष जतिंदर सिंह अठवाल व पंजाब भाजपा के सचिव डा. परमिंदर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सूबा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला फूंका।
बरनाला में भी भाजपाइयों ने कैप्टन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा ने मंगलवार को नेहरू चौक के समक्ष कैप्टन सरकार का पुतला फूंक कर रोष प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने कहा कि कांग्रेस को अपनी सियासत को छोड़ कानून का समर्थन करना चाहिए। नवांशहर में भाजपाइयों ने अपना विरोध जताया।