मनोज तिवारी बोले-राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं, जो साजिश रचेगा खामियाजा भुगतेगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद और भाजपा नेता मनोज तिवारी ने पंजाब विश्वविद्यालय में छात्रों को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा, ‘राष्ट्र से बढ़कर कोई चीज नहीं है। उसके खिलाफ जो भी साजिश रचेगा उसको खामियाजा भुगतना होगा। आजादी व सोच अपनी अपनी जगह हैं लेकिन भारत माता के अस्तित्व से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।
ऐसे लोगों को युवा मुंहतोड़ जवाब दें।’ वे मंगलवार को एबीवीपी की तिरंगा यात्रा में शामिल होने पंजाब यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। उनकी उपस्थिति ने छात्रों में जोश भर दिया। इस दौरान छात्रों की काफी भीड़ नजर आई। उन्होंने देशभक्ति गाने की कुछ लाइनें भी सुनाईं। अनुच्छेद 370 के जरिये भी युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, देश बदल गया है। कश्मीर में अनुच्छेद 370 बाधा बनी हुई थी। दलितों, गरीबों को वहां हक नहीं मिल पा रहा था। आज संत जैसे पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी का दर्द समझते हुए इस धब्बे को हटा दिया। उन्होंने कहा, अब पीयू में भी छात्र संघ चुनाव के जरिये बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
एबीवीपी हमेशा छात्रों के हित में खड़ी रही है। एबीवीपी की सोच बांटने की नहीं जोड़ने की रही है। देश के दुश्मनों को भी यह प्यार से समझाती है और अपना बनाने की कोशिश करती है और जब सिर से पानी ऊपर चला जाता है तो दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देती है।
उन्होंने कहा, ‘देश को कुछ लोग गोला, बारूद के जरिये नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। पाकिस्तान परमाणु हमले की धमकी देता है, लेकिन भारत की ताकत को पाक जानता है, इसलिए भारत कभी भी पाकिस्तान को धूल चटा सकता है। कुछ लोग वैचारिक आतंकवाद फैला सकते हैं और कुछ फैला रहे हैं, उनसे युवा सावधान रहें।
देश विरोधी ताकतें युवाओं को यदि बरगला रही हैं तो अन्य लोगों को राजनीति से ऊपर उठकर सोचने की जरूरत है। उन्होंने पंजाब से अपना गहरा नाता बनाते हुए युवाओं को जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु आदि की कहानियों को युवाओं के समक्ष रखा। इस दौरान खूब तालियां बजीं।
एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रफुल्ल आकांत, राष्ट्रीय मंत्री हेमा ठाकुर, प्रांत मंत्री चिरांशु रतन ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व तिरंगा यात्रा पीयू में निकाली गई। संयोजक पारस रतन ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल, प्रांत संगठन मंत्री राहुल शर्मा, इकाई सचिव परविंदर सिंह कटोरा, चंडीगढ संयोजक नीरज पंत, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जतिन सिंह, हरीश गुज्जर, शिवम शर्मा, चेयरमैन संजीव चौधरी आदि रहे।
विघटनकारी तत्वों के खिलाफ एकजुटता जरूरी : बिट्टा
एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष एमएस बिट्टा ने कहा कि आज कुछ लोग पंजाब को भारत से अलग करने की बात कर रहे हैं। ऐसे लोग जितना जल्दी हो सके इस विचार को छोड़ दें नहीं तो इस देश के लोग उन्हें नेस्तानाबूद करने में देर नहीं लगाएंगे। जो लोग ऐसा विचार रखते हैं वह कतई भूल चुके हैं कि हमारे देश के वीरों ने किसी एक प्रदेश के लिए अपना बलिदान नहीं दिया था, वह पूरे हिंदुस्तान के लिए बलिदान हुए थे।
उन बलिदानियों के सम्मान में हम शीश भी कटवाने को तैयार हैं, लेकिन भारत माता के आंचल पर जरा सी भी आंच नहीं आने देंगे। उन्होंनें कहा कि हम सब की विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन जब बात देश की आएगी तो ऐसी ताकतों के खिलाफ हमें एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा, पंजाब में कभी खालिस्तान नहीं बनने देंगे।