'भाजपा में काम की कद्र नहीं, दाम चलते हैं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होते ही भाजपा में भी नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। टिकट कटने से नाराज भाजपा के मजदूर मोर्चा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश बल्हारा तो हुडा कांप्लेक्स स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय के सामने बेमियादी धरने पर बैठ गए हैं।
महम में बलराज कुंडू के समर्थकों ने शमशेर सिंह खरकड़ा को टिकट दिए जाने का विरोध कर दिया है। कुंडू का कहना है कि काम करने वालों की कोई कद्र नहीं हैं। यहां दाम चलते हैं।
अभी पार्टी के साथ हूं, लेकिन जनता जो आदेश देगी, वह मान्य होगा। हलका गढ़ी-सांपला-किलोई से पार्टी टिकट के दावेदार रामकरण हुड्डा भी अंदरखाने बेहद नाराज हैं। फिलहाल कुंडू, बल्हारा और हुड्डा रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
डूब गए करोड़ों
सूत्रों का दावा है कि टिकट मिलने की चाह में कुंडू और रामकरण हुड्डा ने करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा दिए। कई जनसभाएं की। पार्टी के शीर्ष नेताओं को बुलाया गया। प्रचार और मेहनत के दम पर ये नेता अपना टिकट पक्का मान कर चल रहे थे। लेकिन उनका यह शक्ति प्रदर्शन और खर्च काम नहीं आया।
विपक्षी पार्टियां साधने लगी हैं संपर्क
सूत्रो का कहना है कि बलराज कुंडू और रामकरण हुड्डा का भाजपा से टिकट कटने के बाद हजकां और इनेलो नेता इनसे संपर्क साधने में जुट गए हैं। लेकिन अभी तक इन नेताओं की तरफ से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिल पाया है।
भविष्य में किसी भी तरह के समीकरण बन सकते हैं। क्योंकि अभी हजकां ने अपने किसी भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है और इनेलो की भी महम, कलानौर और रोहतक के प्रत्याशियों की सूची आनी बाकी है।
पार्टी ने नहीं निभाया वादा
बुधवार दोपहर को पार्टी कार्यालय में धरने पर बैठे रमेश बल्हारा का कहना है कि पार्टी ने गलत तरीके से टिकट का बंटवारा किया है। वे पार्टी में पिछले 30 साल से सक्रिय हैं। उन्हें टिकट देने का वादा किया गया था, लेकिन वादा तोड़ दिया गया।
ऐसे में वे धरने पर बैठ विरोध जताएंगे। कहा, उनकी टिकट क्यों और किस आधार पर काटी गई है? जब तक इसका जवाब नहीं मिलेगा, तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे। दिन हो या रात वे कार्यालय के सामने ही डटे रहेंगे।
काम नहीं दाम चलते हैं
आज के दिन काम करने वालों की कोई कद्र नहीं है। यहां सिर्फ दाम चलते हैं। महम से पार्टी ने जिस शख्स को टिकट दिया है। इलाके के लोग उनकी छवि से नाराज हैं। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। महम को छोड़कर पार्टी जहां भी ड्यूटी लगाएगी, उसके लिए तैयार हूं। महम प्रत्याशी के भाग्य का फैसला हलके की जनता करेगी। निर्दलीय या अन्य किसी पार्टी से चुनाव लड़ने के बारे में कोई विचार नहीं है। लेकिन जनता जो आदेश देगी, वह मान्य होगा।
बलराज कुंडू, भाजपा नेता, हलका महम
पार्टी ने जो फैसला लिया है, वह सोच समझकर लिया होगा। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं पार्टी का कार्यकर्ता था और आगे भी पार्टी के लिए मेहनत करता रहूंगा। जैसा आदेश मिलेगा, वह मान्य होगा। अन्य किसी पार्टी या निर्दलीय चुनाव लड़ने के बारे में अभी कोई विचार नहीं है।
रामकरण हुड्डा, भाजपा नेता, हलका गढ़ी-सांपला-किलोई