NIA Raid: पंजाब में 30 जगह एनआईए के छापे, एक गिरफ्तार, अर्श डल्ला, गोल्डी बराड़ व बंबीहा गैंग पर एक्शन
बठिंडा, फिरोजपुर के अलावा फरीदकोट के गांव जेऊन वाला में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथी भोला के घर रेड हुई है। मोगा के निहाल सिंह वाला के गांव तकतूपूरा के पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह सिंह के घर में बुधवार सुबह पांच बजे एनएआई की 5-6 लोगो के टीम ने रेड की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को खालिस्तानी आतंकियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के गठजोड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पंजाब में फिरोजपुर, पटियाला, फरीदकोट, राजपुरा, मानसा, जगरांव, बठिंडा, अबोहर और मोगा समेत 30 जगह पर दबिश दी। मुख्य तौर पर कनाडा में छिपे आतंकी अर्श डल्ला, गोल्डी बराड़, लॉरेंस बिश्नोई और बंबीहा गैंग के मददगारों के ठिकानों को खंगाला गया। इस दौरान अर्श डल्ला के करीबी राज मिस्त्री को एनआईए ने गिरफ्तार किया है।
कुछ लोगों के मोबाइल फोन, बैंक से जुड़े दस्तावेज आदि कब्जे में लिए गए हैं, जिनसे बड़ा खुलासा हो सकता है। कुछ लोगों से लंबी पूछताछ की गई। यह कार्रवाई उस समय की गई है, जब खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या पर भारत और कनाडा के रिश्तों में खटास बढ़ गई है।
सुबह पांच बजे गांवों में पहुंच गईं टीमें
एनआईए ने यह कार्रवाई पूरे राज्य में एक समय पर की। टीमों ने सुबह पांच बजे लोगों के घरों में दबिश दी, जब वह अभी सो रहे थे। साथ ही किसी को भी भागने का मौका तक नहीं मिला। एनआईए के साथ पंजाब पुलिस की टीम भी थी। इस दौरान फिरोजपुर शहर के कसूरी गेट के पास बनी मछली मंडी एरिया से एनआईए ने गैंगस्टर अर्श डल्ला के साथी जोंस उर्फ जोरा को हिरासत में लिया है।
टीम पहले उसे थाना सिटी लेकर गई और वहां से चंडीगढ़ लेकर रवाना हो गई है। पता चला है कि जोरा के मोबाइल में अर्श डल्ला का नंबर है और जोरा डल्ला के संपर्क में था। वह डल्ला के कहने पर कई अमीर लोगों से रंगदारी वसूल चुका है। जोरा राजमिस्त्री का काम करता है। उसके माता-पिता का कहना है कि उन्हें जोरा के पकड़ने का कारण नहीं बताया गया है।
21 को भी 1200 ठिकानों पर मारे थे छापे
बठिंडा में एनआईए टीम ने मौड़ मंडी के रहने वाले गैंगस्टर हैरी मौड़ और गांव जेठू के गुरप्रीत गुरी के घर पर रेड की। इस दौरान बठिंडा पुलिस भी मौजूद रही। गैंगस्टर हैरी मौड़ और गुरप्रीत गुरी डल्ला के लिए ही काम करते हैं। इससे पहले 21 सितंबर को एजेंसी ने भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े पंजाब और हरियाणा में 1200 से ज्यादा ठिकानों पर छापे मारे थे।
पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने एनआईए के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था। गोल्डी बराड़ एनआईए द्वारा नामित सर्वाधिक वांछित गैंगस्टरों में से एक है। उस पर हाल ही में एक अन्य गैंगस्टर सुक्खा दुनेके की हत्या के पीछे भी होने का संदेह है, जिसकी कनाडाई शहर विन्निपेग में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जगरांव के मनी एक्सचेंज के दफ्तर व घर पर रेड, पत्नी की तबीयत बिगड़ी
जगरांव के गोयल मनी एक्सचेंज के दफ्तर और घर पर सुबह एनआईए की टीम ने छापा मारा। करीब तीन घंटे तक एनआईए के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस की मदद से दफ्तर और घर की तलाशी ली और तमाम दस्तावेज खंगाले। सुबह साढ़े छह बजे से शुरू हुआ तलाशी अभियान साढ़े नौ बजे तक चलता रहा। इसी दौरान गोयल मनी एक्सचेंज के मालिक विजय गोयल की पत्नी की घबराहट के चलते तबीयत बिगड़ गई और वे जांच टीम के सामने ही बेहोश होकर गिर गईं। मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाकर उनका इलाज शुरू किया गया लेकिन तलाशी का काम चलता रहा। टीमों ने कई संदिग्धों और आरोपियों के परिवार वालों से 2 से 3 घंटे पूछताछ की।
फरीदकोट में गोल्डी बराड़ के साथी के घर पहुंची टीम
फरीदकोट के गांव जेऊन वाला में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथी भोला के घर रेड हुई है। मोगा के निहाल सिंह वाला के गांव तकतूपूरा के पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह सिंह के घर में बुधवार सुबह पांच बजे एनएआई की 5-6 लोगो के टीम ने रेड की। गुरमेल सिंह के बेटे के शराब के ठेके हैं। कुछ दिन पहले अर्श डल्ला की और से उससे रंगदारी मांगी गई थी। उसने कुछ रकम अर्श डल्ला को दी भी थी। सूत्रों के अनुसार, एनआईए ने करीब चार घंटे पूछताछ की और लौट गई। टीम गुरमेल सिंह के बेटे गुरिंदर सिंह का मोबाइल भी साथ ले गई है।