बटाला धमाके के पीड़ितों से मिले भगवंत मान, बोले-त्रासदी के लिए सरकारी तंत्र जिम्मेदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान और सांसद भगवंत मान शुक्रवार को पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के घायलों का हाल जानने और मृतकों के परिवारों के साथ हमदर्दी प्रकट करने पहुंचे। सिविल अस्पताल में घायलों से आपबीती सुनने और मृतकों के घरों में उनके पारिवारिक सदस्यों का दुख बांटकर भावुक हुए मान ने इस त्रासदी के लिए सरकार और स्थानीय प्रशासन व पुलिस को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।
मान ने कहा कि आज हरकत में नजर आ रहा समूचा सरकारी तंत्र और सरकार अगर पहले अपने कानूनी फर्ज ईमानदारी और वचनबद्धता के साथ निभाती तो आज यह अनहोनी न होती। मान ने कहा कि बारूद समेत हर किस्म के ज्वलनशील जखीरे वाले सभी छोटे-बड़े उद्योगों को एक विशेष नीति और सरकारी अनुदान के सहयोग से रिहायशी इलाकों से दूर औद्योगिक फोकल प्वाइंट या विशेष इंडस्ट्री जोन में फिर से स्थापित किया जाना चाहिए।
हादसास्थल देखकर भगवंत मान ने कहा कि कीमती जानों के साथ-साथ दूर-दूर तक के घरों और दुकानों-वर्कशॉपों का नुकसान करोड़ों में बनता है। मान ने मांग की है कि मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक योग्य व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने के साथ-साथ घरों-दुकानों के नुकसान की 100 प्रतिशत भरपाई सरकार करे।
मान ने कहा कि पंजाब के अनेकों शहर-कस्बे बटाला की तरह बारूद के ढेर पर बैठे हैं। रासायनिक और ज्वलनशील जखीरे होने के कारण औद्योगिक शहर लुधियाना में भी आगजनी की घटनाएं आम हैं। मान ने मांग की है कि दीवाली के मद्देनजर ऐसे अन्य हादसों से बचने के लिए सरकार जरूरी पुख्ता कदम उठाए।
मान ने आम लोगों को भी अपील की है कि वह खुद भी अपने और अपने आसपास संबंधी सचेत रहें। इस मौके पर भगवंत मान के साथ माझा जोन के प्रधान कुलदीप सिंह धालीवाल, शहरी प्रधान शेरी कलसी, डॉ. केजे सिंह कादियां, पीटर मसीह, दलबीर सिंह टौंग (बाबा बकाला), जसबीर सिंह, सुर सिंह खेमकरन, रणजीत सिंह चीमा (पट्टी), देव राज और जगदीश मौजूद थे।