कुश्ती में बजरंग पुनिया और विनेश फौगाट तो शूटिंग में अंकुर मित्तल को खेल रत्न देने की सिफारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान बजरंग पूनिया, विनेश फौगाट के अलावा शूटर अंकुर मित्तल को खेलों में देश का सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए सिफारिश की गई है।
इनके अलावा पहलवान पूजा ढांडा, दिव्या काकरान, हरप्रीत, राहुल अवारे के नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजे गए हैं। भारतीय कुश्ती व शूटिंग एसोसिएशन की ओर से इनके नाम भेजने के बाद खेल मंत्रालय की कमेटी को इनकी उपलब्धियां देखकर सम्मान को लेकर फैसला करना है।
राजीव गांधी खेल रत्न व अर्जुन अवार्ड के लिए खेल मंत्रालय की ओर से खिलाड़ियों के नाम मांगे गए थे, जिनकी पिछले चार सालों में बड़ी उपलब्धियां रही हैं। जिसके लिए भारतीय कुश्ती संघ व भारतीय शूटिंग एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के नाम भेज दिए हैं।
कुश्ती संघ की ओर से कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले बजरंग पूनिया के साथ ही विनेश फौगाट का नाम खेल रत्न के लिए भेजा गया है।
कुश्ती संघ ने चार साल से बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य चार पहलवानों पूजा ढांडा, दिव्या काकरान, हरप्रीत, राहुल अवारे के नाम भी अर्जुन अवार्ड के लिए भेजे हैं। इन सभी पहलवानों ने पिछले साल कई चैंपियनशिप में देश को मेडल दिलाए हैं तो पूजा ढांडा व दिव्या काकरान लगातार मेडल जीत रही हैं।
बजरंग ने पिछले साल नाम कटने पर जताया था विरोध
बजरंग पूनिया का नाम पिछले साल भी खेल रत्न के लिए भेजा गया था, लेकिन उनकी जगह विराट कोहली को खेल रत्न दिया गया था। जिसपर बजरंग पूनिया ने अपना विरोध भी जताया था और खेल रत्न के लिए सबसे ज्यादा प्वाइंट होने के बावजूद अवार्ड नहीं दिए जाने का आरोप लगाया गया था।
नंबर वन शूटर अंकुर मित्तल का नाम भी खेल रत्न को भेजा
डबल ट्रैप राइफल में दुनिया के नंबर वन शूटर अंकुर मित्तल को जहां पिछले साल अर्जुन अवार्ड मिला था, वहीं इस बार उसका नाम शूटिंग एसोसिएशन की ओर से खेल रत्न के लिए भेजा गया है। अंकुर ने पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश को गोल्ड मेडल दिलाया था तो उससे पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीता था।
इसके अलावा अंकुर के 2017 के प्रदर्शन को देखा जाए तो मास्को में हुए वर्ल्ड कप में उन्होंने रजत पदक जीता था। एक साल में चार वर्ल्ड कप होते हैं और अंकुर ने एक गोल्ड मेडल व दो सिल्वर जीते थे।
इनके अलावा भी कई मेडल अंकुर ने जीते थे। अंकुर के अलावा हिना सिद्धू का नाम भी खेल रत्न के लिए भेजा गया है, जबकि अंजुम मोदगिल, शहजाद रिजवी व ओमप्रकाश का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजा गया है।
भारतीय कुश्ती संघ की ओर से बजरंग व विनेश का नाम खेल रत्न के लिए भेजा गया है, जबकि चार पहलवानों के नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजे गए हैं। इन सभी के नाम पिछले चार साल की उपलब्धियों के आधार पर भेजे गए है और अब किसको सम्मान मिलना है, यह कमेटी तय करेगी। विनोद तोमर, सेक्रेटरी भारतीय कुश्ती संघ