प्लाजा में गंदगी देख गुस्साए प्रशासक बदनौर, बोले- मै कर देता हूं सफाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
4 हजार सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में कई जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सफाई न होने के कारण सेक्टर-17 सिटी के हार्ट प्लाजा में भी जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं।
वहीं पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि वह जब चंडीगढ़ आए तो यहां की खूबसूरती के दीवाने हो गए, मगर मौजूदा हालत ने उन्हें दुख पहुंचाया है।
प्लाजा में पसरी गंदगी हैरान करने वाली है। उन्होंने खुद इसकी सफाई का बीड़ा उठाने की बात कही और लोगों से भी सप्ताह में एक दिन इस अभियान में साथ जुड़ने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि सेक्टर-17 को हार्ट ऑफ द सिटी कहा जाता है। इसलिए यहां साफ-सफाई होनी बेहद जरूरी है। बदनौर शुक्रवार को इससे पहले सेक्टर-17 भी गए थे। उन्होंने गंदगी के लिए निगम अधिकारियों को कहा कि अगर तुम लोगों से काम नहीं होता मैं आकर सफाई कर देता हूं।
शहर में कई जगह लगे कूड़े के ढेर
इस पर अधिकारियों ने सफाई कर्मचारी यूनियन की हड़ताल का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ लिया। इसके बावजूद प्रशासन ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए।
वहीं सफाई कर्मचारी यूनियन की नगर निगम कमिश्नर के साथ हुई बैठक असफल रही है। इसके अलावा यूनियन की ओर से सेक्टर-17 में क्रमिक भूख हड़ताल भी की जा रही है।
सफाई कर्मचारियों ने औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गाड़ियों के गैरेज के बाहर भी धरना दिया हुआ है। इस कारण कूड़ा उठाने की गाड़ियां निकल नहीं रही हैं। ऐसे में शहर में रखे डस्टबीन कूड़े से पूरी तरह से भर गए हैं।
दो दिन से डडूमाजरा स्थित गारबेज प्लांट में प्रोसेस करने के लिए भी कूड़ा नहीं पहुंचा है। सेक्टर-35 पेट्रोल पंप के पिछली तरफ बने सहज सफाई केंद्र में कूड़े के ढेर लग गए हैं, जहां से रिहायशी इलाके में दुर्गंध आ रही है।
एप में शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं
सेक्टर-20 बी के मकान नंबर-1319 निवासी कमल देव का कहना है कि उनके यहां पर तो कूड़े के ढेर लगे हुए कई दिन हो गए। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सफाई नहीं हो रही। मनीमाजरा के मेन बाजार के हर मिलाप मंदिर, हनुमान मंदिर के गेट बाहर बड़े बड़े कूडे़ के ढेर लगे हैं।
एप में शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं
निगम ने स्वच्छता अभियान के तहत स्वच्छ नामक एप भी लांच किया है, लेकिन यहां पर भी गंदगी की तस्वीरें डालने के बावजूद दिक्कत दूर नहीं हो रही।
मांगें मानने तक नहीं करेंगे काम
सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष श्याम लाल घावरी का कहना है कि अधिकारी मरे हुए कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों को नौकरी देने की मांग पूरी नहीं कर रहे हैं इसके अलावा अधिकारी ठेकेदारी व्यवस्था को भी समाप्त नहीं करना चाहते। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक उनकी काम छोड़ो हड़ताल जारी रहेगी।
फॉसवेक अध्यक्ष बलजिंदर सिंह बिट्टू का कहना है कि पूरे शहर की सफाई व्यवस्था का बुरा हाल हो रहा है। निगम को जल्द से जल्द कोई हल निकालना चाहिए। बाजारों में जगह-जगह गंदगी पड़ी हुई है। दुर्गंध ने लोगों को परेशान किया हुआ है।