सिटी बस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर
सीटीयू की बसों में इस समय रोजाना 87 ड्राइवर और 80 कंडक्टर मेडिकल लीव पर हैं। इस कारण लोकल रूट पर 50बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। जीएम ने रिकार्ड खंगालने के निर्देश दिए हैं।
सीटीयू में 311 ड्राइवर 294 कंडक्टर काम करते हैं। इसमें से रोजाना 45 ड्राइवर और 40 कंडक्टरों का साप्ताहिक अवकाश होता है। वर्तमान में इनके अतिरिक्त रोजाना 87 ड्राइवर और 80 कंडक्टर मेडिकल लीव पर चल रहे हैं।
इस कारण 50 से अधिक बसों का संचालन नहीं हो रहा है। ड्राइवरों, कंडक्टरों की कमी के कारण बसों के संचालन में देरी भी हो रही है। कंडक्टरऔर ड्राइवर की कमी के कारण सीटीयू की बसें 20 मिनट के बजाए 40 मिनट पर मिलती हैं।
87 ड्राइवर और 80 कंडक्टर मेडिकल लीव पर
इस कारण यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ता है। जीएम के पास सीटीयू के ड्यूटी इंचार्ज ने बताया कि इनकी जगह इतने ही कंडक्टर और ड्राइवर ओवरड्यूटी कर रहे हैं।
वहीं, सेक्टर - 43 से आईटी पार्क, पीजीआई से जीरकपुर, पीजाआई से मनीमाजरा सहित अन्य रूटों की बसें 30 मिनट से ज्यादा देरी से पहुंच रही हैं। सीटीयू की एसी और नॉन एसी 50 बसों का संचालन कर्मचारियों की छुट्टी के कारण बंद कर दिया है।
सीटीयू के हर दिन 87 ड्राइवर और 80 कंडक्टर मेडिकल लीव पर हैं। सीटीयू ड्यूटी इंचार्ज की ओर से मेरे पास शिकायत आई है। हम इसकी जांच करेंगे। अगर इसमें गड़बड़ी मिली तो बख्शा नहीं जाएगा।
अमित गुप्ता, जीएम , सीटीयू