Patiala News: अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने किया 'सीएम दी योगशाला' का आगाज, युवाओं को कई सौगातें
भगवंत मान ने एलान किया कि विद्यार्थियों को मुफ्त में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कराने के लिए पंजाब में 10 अत्याधुनिक सेंटर खोले जाएंगे। यह सेंटर नौजवानों को क्वालिटी कोचिंग देंगे ताकि वे प्रदेश व देश के अहम ओहदों पर आसीन हो सकें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पटियाला के पोलो ग्राउंड के जिम्नेजियम हाल में आयोजित प्रदेशस्तरीय समागम में 'सीएम दी योगशाला' प्रोजेक्ट का आगाज किया। भगवंत मान ने मुफ्त में योग प्रशिक्षण हासिल करने के लिए लोग टोल फ्री नंबर 76694-00500 भी जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के तहत प्रशिक्षित योग इंस्ट्रक्टर खुले पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को मुफ्त में योग सिखाएंगे।
पोर्टल की लांचिंग के बाद अपने संबोधन में मान ने कहा कि सीएम दी योगशाला सेहतमंद, गतिशील, खुशहाल व प्रगतिशील पंजाब के सृजन में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि आज के भागमभाग जमाने में बढ़ता मानसिक तनाव चिंता का बड़ा कारण है और योग इससे लोगों को बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। क्वालिटी जीवन जीने के लिए योगासनों के जरिये अपने जीवन में कुछ जरूरी बदलाव लाकर सही मानसिक व शारीरिक संतुलन बिठाना जरूरी है।
फसलों के नुकसान का मुआवजा 14 अप्रैल को खातों में
सीएम मान ने एलान किया कि वैसाखी के मौके पर 14 अप्रैल को किसानों के खातों में गेहूं के फसलों के नुकसान का मुआवजा डाल दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि वह खुद हाल ही में फाजिल्का, मलोट, मुक्तसर व बठिंडा इलाकों का दौरा करके बारिश से तबाह गेहूं की फसलों का मुआयना करके आए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को 15000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा सरकार की ओर से दिया जाएगा। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा के अलावा पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा भी मौजूद रहे।
10 केंद्र खोलेगी सरकार, मुफ्त में मिलेगी यूपीएससी की कोचिंग
भगवंत मान ने एलान किया कि विद्यार्थियों को मुफ्त में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कराने के लिए पंजाब में 10 अत्याधुनिक सेंटर खोले जाएंगे। यह सेंटर नौजवानों को क्वालिटी कोचिंग देंगे ताकि वे प्रदेश व देश के अहम ओहदों पर आसीन हो सकें। उनकी सरकार का उद्देश्य पंजाब के नौजवानों को सम्मानित ओहदों पर बिठाना है न कि गैरकानूनी गतिविधियों में धकेल कर जेलों में डालना।
14 हजार यूथ क्लबों को पुनर्जीवित करेंगे
सीएम मान ने एलान किया कि नशे से हटाकर नौजवानों को खेलों की तरफ लाना है। इसलिए पंजाब के 14000 खेल व यूथ क्लबों को पुनर्जीवित किया जाएगा। इसी के तहत नौजवानों को रोजगार देने के लिए पंजाब पुलिस में पद निकाले गए हैं। इन पदों के लिए मई-जून में पेपर होगा, जबकि अक्तूबर में शारीरिक टेस्ट होगा। उन्होंने कहा कि भर्ती पूरी तरह से पारदर्शी व मेरिट के आधार पर होगी।
महीने में दो नौजवान सभा होंगी
मान ने बताया कि सूबे के अलग-अलग शहरों में महीने में दो नौजवान सभाएं की जाएंगी। इसमें भाग लेने वाले युवक कोई अच्छा आइडिया लेकर आएंगे और स्टार्टअप शुरू करना चाहेंगे तो उन्हें बिना ब्याज के लोन देकर सरकार मदद करेगी। उन्होंने बताया कि अब तक 504 मोहल्ला क्लीनिक खोले जा चुके हैं, जिनमें से 151 शहर व 353 ग्रामीण क्षेत्रों में खोले गए हैं। इन मोहल्ला क्लीनिकों में अब तक 21 लाख 21 हजार लोग अपना इलाज करा चुके हैं। मोहल्ला क्लीनिकों के खुलने से बड़े अस्पतालों पर मरीजों का भार कम हुआ है।
अमरिंदर सिंह की बेटी ने किया प्रदर्शन
भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के समागम स्थल पोलो ग्राउंड के बाहर बुधवार को पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जयइंद्र कौर ने प्रदर्शन किया। उन्होंने फसलों के नुकसान का किसानों को प्रति एकड़ 30 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की। जयइंद्र कौर और उनके समर्थकों ने गेहूं के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान एडीसी गौतम जैन ने जयइंद्र कौर से सीएम भगवंत मान के नाम वाला मांगपत्र लिया।
जयइंद्र कौर ने कहा कि इस समय सीएम मान को किसानों की सुध लेनी चाहिए लेकिन वह अरविंद केजरीवाल को खुश करने के लिए योगशाला खोलने में लगे हैं। जल्द से जल्द गिरदावरी का काम पूरा करवाया जाना चाहिए। मान सरकार ने कम मुआवजा राशि घोषित की है। किसान गलत गिरदावरी की भी शिकायत कर रहे हैं।