पंजाबः चलती कार में लग गई आग, अमेरिका से दो दिन पहले लौटा पूर्व सरपंच जिंदा जला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव हिस्सोवाल के सरपंच परिवार की खुशियां शनिवार सुबह अचानक मातम में बदल गई। सरपंच जसप्रीत सिंह के पिता पूर्व सरपंच हरनेक सिंह सुबह अपनी कार में अनाज मंडी के लिए निकले, रास्ते में अचानक उनकी कार को आग लग गई। उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
आस-पास से गुजर रहे लोगों ने आग बुझाने और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके। कार के साथ ही हरनेक सिंह जिंदा जल गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बची अस्थियों को सिविल अस्पताल सुधार भेज दिया। दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हरनेक सिंह गांव हिस्सोवाल के पूर्व सरपंच थे। मुल्लांपुर दाखा में उनकी आढ़त की दुकान भी है। फिलहाल उनका बेटा जसप्रीत सिंह गांव का सरपंच है। हरनेक सिंह के भाई निर्मल सिंह अमेरिका में रहते हैं।
उनका पोता हुआ था। इसलिए हरनेक सिंह को अमेरिका बुलाया गया था। गुरुवार को ही हरनेक अमेरिका से लौटे थे। शुक्रवार से घर में मिठाई बनवाने के लिए हलवाई बैठा गया था, ताकि पूरे गांव और रिश्तेदारों को मिठाइयां बांटीं जा सके।
शनिवार सुबह लगभग 6.15 बजे वे अपनी स्विफ्ट कार में दुकान के लिए निकले। रायकोट-मुल्लांपुर रोड पर अचानक उनकी कार में एक धमाका हुआ जिसके बाद कार में आग लग गई। उनके पीछे आ रहे ट्रैक्टर चालक हरजीत सिंह ने अपना ट्रैक्टर रोककर आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन कार लॉक थी। इसलिए हरनेक सिंह को बाहर नहीं निकाला जा सका।
शीशे तोड़ उन्हें निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक पूरी कार और हरनेक सिंह जल चुके थे। लोगों ने पुलिस, एंबुलेंस और दमकल विभाग को फोन किया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। पुलिस, एंबुलेंस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा तब तक देर हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार हरनेक सिंह ने एक पेट्रोल पंप से कैनी में पांच लीटर पेट्रोल भी लिया था। इस कारण भी आग तेजी से फैली।