जींद उपचुनाव: जीत के लिए दिग्गज बहा रहे पसीना, सरकार के कई मंत्री भी मैदान में डटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जींद उपचुनाव में अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सियासी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी माह 28 तारीख को होने जींद उपचुनाव के मद्देनजर शहर में सियासी पारा पूरी तरह से चढ़ा हुआ है। चूंकि यह उपचुनाव सत्ता का सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है, इसलिए कोई भी सियासी दल इस चुनाव को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।
सीएम मनोहर लाल को अपना चार दिवसीय यूपी-गुजरात का दौरा निपटाने के बाद जींद में प्रत्याशी कृष्ण मिड्डा के प्रचार के लिए आना था। लेकिन माहौल को गरमाता देख, सीएम दौरे से पहले ही एक दिन के लिए जींद पहुंचे और उन्होंने भाजपा के पक्ष में हवा बनाने की कोशिश की। मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा के अन्य मंत्री और नेता भी जींद में इन दिनों ‘चाय पर चर्चा’ का सहारा लेते हुए मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बढ़ा रहे हैं।
उधर, कांग्रेसी प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी अपनी जीत के लिए मेहनत कर रहे हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत अन्य कांग्रेसी विधायक व पूर्व मंत्री भी इस जीत को पक्का करने में जुटे हुए हैं। चूंकि कांग्रेस ने अपने कद्दावर नेता को मैदान में उतारकर ये साफ कर दिया है कि भावी चुनावों के मद्देनजर उपचुनाव की यह जीत भी उनके लिए भी बहुत मायने रखती है।
जजपा प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी नई है और प्रत्याशी भी नया है, लेकिन जजपा को और मजबूती देने को पार्टी के लिए उपचुनाव की यह जीत बहुत जरूरी है, इसलिए सांसद दुष्यंत चौटाला और उनकी टीम दिग्विजय को जीताने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। उधर, इनेलो प्रत्याशी उम्मेद सिंह रेढू को जितवाने के लिए अभय चौटाला और उनके विधायकों ने मोर्चा संभाल रखा है।
पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता से मिलने पहुंचीं स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन
जींद की राजनीति के केंद्र में आए पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता को मनाने के लिए अब भी नेताओं की लाइन उनके घर लगी है। सभी राजनीतिक दलों के बड़े नेता वहां समर्थन के लिए जा चुके हैं, लेकिन मांगेराम गुप्ता ने अब किसी भी उम्मीदवार व राजनीतिक दल को समर्थन देने से मना कर दिया है।
शनिवार को स्थानीय निकास मंत्री कविता जैन और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता के घर पहुंचे। गौरतलब है कि मांगेराम गुप्ता चार बार जींद से विधायक रह चुके हैं और शहर में अपना खास प्रभाव रखते हैं। ऐसे में हर राजनीतिक पार्टी ने उन्हें रिझाने का प्रयास किया है।