आर्मी कैंप पर हमलों के बाद कैंट में अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में सैन्य क्षेत्र में घुसकर आर्मी कैंप में आतंकी हमले के बाद अंबाला छावनी में सेना पूरी तरह से अलर्ट हो गई है।
सेना हाईकमान ने अंबाला की लोकल मिलिट्री अथॉरिटी को अंबाला सैन्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं। जिससे लोकल मिलिट्री अथॉरिटी ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है।
अंबाला सेना ने इलाके में सिक्योरिटी एसेसमेंट भी किया है। जिसके दौरान यह देखा गया कि अंबाला में सेना की वर्तमान सिक्योरिटी किस स्तर पर है?
इस सिक्योरिटी को और चाक-चौबंद करने के लिए क्या-क्या कदम उठाए जा सकते हैं? इस पर लोकल मिलिट्री अथॉरिटी के आला अफसरों ने मंथन किया और फिर सैन्य क्षेत्र में अलर्ट घोषित कर दिया।
वाहनों पर रहेगी खास नजर
कश्मीर में आर्मी कैंप में अभी तक जितने भी हमले हुए हैं, उनमे से अधिकतर कैंपों में प्रवेश करने वाले आतंकी गाड़ियों में आए। इस दौरान कई तो सफल होकर फरार भी हुए और कई आर्मी जवानों के साथ मुठभेड़ में मारे भी गए।
इसी को देखते हुए यहां अंबाला में भी सेना ने निर्देश दिए हैं कि सैन्य क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में आने वाले वाहनों पर खास नजर रखी जाए।
वो इलाके जहां सेना के महत्वपूर्ण यूनिट या मुख्यालय है, उन इलाकों की ओर आने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखी जाए। थोड़ा सा भी यदि संदेह होता है, तो संबंधित वाहन को वहीं रोककर उसकी गहनता से जांच की जाए।
24 घंटे रहेगी गश्त
अंबाला सेना की विशेष गश्त पार्टियां चौबीस घंटे गश्त पर रहेंगी। इसके लिए अंबाला एक्शन ग्रुप और फिल्ड सिक्योरिटी फोर्स की टीमें गश्त पर रहेगी। एक्शन ग्रुप की फोर्स तो जीपों में पूरे इलाके का गश्त करती रहेगी। जबकि अन्य टीमें इलाके में पूरी इंटेलीजेंस रखेंगी और शक होने पर किसी भी व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसकी पूरी जांच की जाएगी।
संवेदनशील सड़कों पर आवाजाही बंद, लगाए नाके
वैसे तो सिक्योरिटी के हिसाब से इलाके में एक दर्जन से अधिक नाके लगाए गए हैं। मगर सैन्य क्षेत्र में कई सड़कें ऐसी है, जहां सेना के मुख्यालय और महत्वपूर्ण यूनिटें हैं।
इन सड़कों पर फिलहाल आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई है। ये पाबंदी सिक्योरिटी को देखते हुए लगाई गई है। यहां से गुजरने वाले लोगों को अब वैकल्पिक सड़कों का सहारा लेना पड़ेगा।
इसलिए महत्वपूर्ण है अंबाला
अंबाला सैन्य क्षेत्र आर्मी का महत्वपूर्ण बेस कैंप है। यह उत्तर भारत का सबसे बड़ा और संवेदनशील बेस कैंप है। यहां सेना की जासूसी करने जैसे कुछ मामले भी सामने आ चुके हैं और इस आरोप में दो पाकिस्तानी नागरिकों को काबू भी किया जा चुका है।
यहां खडगा टू कोर और सब एरिया का मुख्यालय है और पाकिस्तान की नजर बराबर अंबाला बेस कैंप की हलचल पर बनी रहती है। इसलिए सेना हाईकमान ने अंबाला में लोकल मिलिट्री अथॉरिटी को पूरी तरह से चौकसी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।