मास्टर स्ट्रोक खेलने के लिए अजय चौटाला ने बिछाई बिसात, सभी विधायकों, सांसदों को भेजा न्यौता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इनेलो में विरासत संभालने को लेकर चल रही पारिवारिक जंग में अब अजय चौटाला गुट अपना दाव चलने को तैयार है। इनेलो के प्रधान महासचिव डॉ. अजय चौटाला ने 17 नवंबर को जींद में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुला ली है। बैठक के जरिए मास्टर स्ट्रोक खेलने के लिए अजय ने अपनी तरफ से बिसात भी बिछा डाली है। इसमें शामिल होने के लिए सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों-पूर्व सांसदों, जिला व विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों को शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है।
इनेलो के लेटर हेड पर अजय चौटाला ने अपनी तरफ से प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल होने का न्योता दिया है। बैठक जुलाना रोड स्थित दीप पैलेस में एक बजे से रखी गई है। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी पदाधिकारियों, सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों, कार्यकारी सदस्यों, शहरी अध्यक्षों, प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला संयोजकों को भी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कहा गया है।
कार्यकारिणी की बैठक में अजय चौटाला कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं। इस दिन इनेलो के दोफाड़ होने की भी संभावना जताई जा चुकी है। नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला गुट सांसद दुष्यंत चौटाला और इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह को इनेलो से निष्कासित कर उन्हें क्लीन बोल्ड कर चुका है, अब बारी अजय गुट की है। इसलिए प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
रोड़ी का इंकार, बांकियों पर संशय बरकरार
सिरसा से इनेलो सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी ने 17 नवंबर की प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल होने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्ति विशेष नहीं पार्टी के साथ हैं। उन्हें पार्टी मुख्यालय से बैठक के लिए कोई फोन नहीं आया है। रोडी के इंकार के बाद सांसद रामकुमार कश्यप के बैठक में आने पर भी संशय बरकरार है। इसके अलावा यह भी देखना होगा कि कितने मौजूदा विधायक बैठक में पहुंचते हैँ।
गैरहाजिरी पर बर्खास्तगी की कार्रवाई तक संभव
डॉ. अजय चौटाला की ओर से बुलाई गई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में अनुपस्थित रहने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के भी संकेत मिले हैं। बैठक में न आने का कारण पहले बताना होगा। बिना बताए गैरहाजिर रहने वाले पदाधिकारियों व अन्य ओहदेदारों को कार्यकारिणी ध्वनिमत व सर्वसम्मति से बर्खास्त तक कर सकती है।
ओपी चौटाला के अधिकृत किए बिना बैठक बुलाना असंवैधानिक : अत्रे
इनेलो प्रवक्ता प्रवीण अत्रे ने कहा है कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक पार्टी सुप्रीम ओपी चौटाला या प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा बुला सकते हैं। इसके अलावा अगर ओपी चौटाला किसी को अधिकृत करते हैं तो उसे बैठक बुलाने का अधिकार है। अजय चौटाला को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाने के लिए ओपी चौटाला ने अधिकृत नहीं किया है। इसलिए पार्टी संविधान अनुसार बैठक असंवैधानिक है।