हरियाणा: फिर महंगी हुई बिजली, लोगों को तगड़ा झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा की बिजली वितरण कंपनियों ने 27 दिन में बिजली उपभोक्ताओं को दूसरा झटका देते हुए बिजली के दाम में और इजाफा कर दिया। गत 20 अप्रैल को बिजली निगमों ने फ्यूल सरचार्ज के एवज में 37 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की थी, लेकिन वीरवार को एआरआर (राजस्व जरूरतें) के एवज में बिजली के दाम में प्रति यूनिट इजाफा कर दिया गया है। यह इजाफा 8.5 फीसदी है। निगमों ने नियामक आयोग से 15 फीसदी बढ़ोतरी की मांग की थी। हालांकि दोनों निगमों का दावा है कि मामूली बढ़ोतरी की गई है और हरियाणा में बिजली की दरें सभी वर्गों के उपभोक्ताओं के लिए पंजाब और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से कम होंगी।
सरकारी प्रवक्ता ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 2014 में दायर एआरआर और शुल्क याचिकाओं पर वीरवार को बिजली विनियामक आयोग द्वारा चिरप्रतिक्षित आदेश जारी करने के बाद उक्त विवरण दिया। प्रवक्ता के मुताबिक, किसानों से फसलों की सिंचाई और बागवानी उद्देश्यों के लिए मीटर वाले नलकूपों के लिए 10 पैसे प्रति यूनिट और स्लैब प्रणाली वाले नलकूपों के लिए 15 रुपये प्रति हॉर्स पॉवर की दर से बिजली के बिलों की वसूली की जाएगी, जबकि बिजली आपूर्ति लागत 7.34 रुपये प्रति यूनिट है। उन्होंने बताया कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए पहली बार बिजली की दरों की विशेष स्लैब बनाई गई है।
इस वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दर 2.70 रुपये प्रति यूनिट है, जबकि इसकी तुलना में आपूर्ति लागत 7.34 रुपये प्रति यूनिट है। इस वर्ग में वे उपभोक्ता आएंगे जिनकी बिजली की मासिक खपत 50 यूनिट से कम है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को अनुदानित दरों पर बिजली उपलब्ध करवाना है।
उपरोक्त लाभ राज्य के 20 लाख से भी अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेंगे। हरियाणा में पहली 50 यूनिट तक बिजली की दर 2.70 रुपये प्रति यूनिट होंगी। इसकी तुलना में यह दरें दिल्ली में 4.93 रुपये और पंजाब में 4.52 रुपये प्रति यूनिट है। हरियाणा में 50-100 यूनिट तक बिजली की दर 4.50 रुपये प्रति यूनिट है, जबकि दिल्ली में 4.51 रुपये और पंजाब में 4.52 रुपये प्रति यूनिट है।
दूसरे वर्गों के उपभोक्ताओं के मामले में बिजली की दरों में औसतन लगभग 8.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इस वृद्धि के बावजूद हरियाणा में बिजली की दरें पड़ोसी राज्यों पंजाब और दिल्ली से कम होंगी।
हाई टेंशन उद्योगों के मामले में हरियाणा में बिजली की दर 7.46 रुपये प्रति यूनिट जबकि दिल्ली में 8.89 रुपये और पंजाब में 7.81 रुपये प्रति यूनिट है। लो टेंशन उद्योगों के मामले में हरियाणा में बिजली की दर 6.76 रुपये प्रति यूनिट जबकि दिल्ली में 9.97 रुपये प्रति यूनिट है।
वाणिज्यक वर्ग के मामले में हरियाणा में 100 यूनिट की खपत तक प्रभावी दर 6.20 रुपये प्रति यूनिट है जबकि दिल्ली में यह 9.59 और पंजाब में 6.53 रुपये प्रति यूनिट है।
इसी तरह से 50 यूनिटों की खपत तक हरियाणा में बिजली की दर 6.20 रुपये प्रति यूनिट होगी। जबकि दिल्ली में यह 9.59 रुपये और पंजाब में 6.71 रुपये प्रति यूनिट है।
बिजली बिल के अग्रिम भुगतान पर प्रोत्साहन
बिजली के बिलों में छूट देने के लिए अग्रिम भुगतान पर प्रोत्साहन देने की एक स्कीम शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस स्कीम के तहत वितरण कंपनियां पूर्ववर्ती एक वर्ष के बिजली बिलों की 120 प्रतिशत राशि के समान बिजली बिलों का अग्रिम भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्रत्येक बिल पर 4 प्रतिशत का प्रोत्साहन देंगी। इसके अलावा, उपभोक्ताओं को अग्रिम भुगतान पर ब्याज भी मिलेगा।