Coronavirus: जम्मू-कश्मीर जाने वाले विदेशी सैलानियों को करवाना होगा चेकअप, टीमें तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरे पंजाब में सावधानी बरती जा रही है। करतारपुर कॉरिडोर के दोनों ओर थर्मल स्कैनर लगा दिए गए हैं। यहां से गुजरने वाले हर यात्री की स्कैनिंग की जा रही है। वहीं पठानकोट में भी जम्मू-कश्मीर सीमा पर थर्मल स्कैनर लगाए गए हैं। यहां पर भी प्रत्येक आने-जाने वाले को स्कैनिंग की प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा वहीं कई जिलों में कोरोना के संदिग्ध होने पर लोगों को पृथक वार्ड में रखा गया है।
पंजाब और जम्मू सीमा पर प्रशासन अलर्ट
कोरोनावायरस की दहशत में पंजाब के बाद अब जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर एहतियात बरतनी शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने बिना स्वास्थ्य जांच जम्मू-कश्मीर में लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पंजाब सीमा पर स्थित लखनपुर में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात कर दी हैं।
पुलिस आने वाले हर वाहन को रोक उनकी जानकारी और यात्रा विवरण जुटा रही है। अगर कोई सैलानी कोरोनावायरस से प्रभावित किसी देश की यात्रा कर लौटा है तो उसकी स्क्रीनिंग करवाई जा रही है। मेडिकल टीम की अनुमति के बाद ही उसे प्रवेश दिया जा रहा है। बैरियर पर चेक पोस्ट बनाकर कोरोनावायरस से प्रभावित चीन, ईरान, इटली, थाईलैंड, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान, ताइवान, फ्रांस, फिलीपींस, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के नाम फ्लैक्स पर लिखकर बताया गया कि अगर कोई व्यक्ति इन देशों की यात्रा कर लौटा है तो उसे गहन स्वास्थ्य जांच करवाना अनिवार्य है।
बताया जा रहा है कि पिछले 2-3 दिनों में विदेशी पर्यटकों सहित 12 से अधिक यात्री मामूली बुखार और खांसी से पीड़ित पाए गए। मेडिकल टीमों ने जांच के बाद उक्त लोगों को जम्मू-कश्मीर की यात्रा की अनुमति दे दी।
मलेशिया से आया युवक अस्पताल में दाखिल
कुछ दिन पहले मलेशिया से लौटे युवक को खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत होने पर गुरुवार को बठिंडा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. गुरमेल सिंह ने बताया कि बुधवार को उसे खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत थी। वह सिविल अस्पताल आया और दवा लेकर चला गया था। गुरुवार को जब उसकी हालत थोड़ी और खराब हुई तो वह फिर से सिविल अस्पताल आया। युवक के सैंपल ले लिए गए है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कोरोना वायरस: विद्यार्थियों के लिए एडवाइजरी जारी
कोरोना वायरस के मद्देनजर स्कूली बच्चों के लिए लुधियाना जिला प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी की है। डीसी प्रदीप कुमार अग्रवाल ने लुधियाना के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को सलाह दी है कि वह स्कूल में दिन के समय विद्यार्थियों के बड़े कार्यक्रम करवाने से बचें। किसी भी विद्यार्थी, स्टाफ के किसी कोरोनावायरस प्रभावित देश में यात्रा या पिछले 28 दिनों में ऐसे व्यक्तियों के संपर्क में आने की सूरत में निगरानी रखनी चाहिए और 14 दिनों के लिए खुद को घर में अलग रखा जाना चाहिए। बुखार, खांसी और सांस लेने में मुश्किल आने पर तुरंत अभिभावक को बच्चों के टेस्ट करवाने चाहिए।
डॉ. राजेश कुमार बग्गा सिविल सर्जन लुधियाना ने बताया कि कोई भी संकेत और लक्षण (खांसी, बुखार या सांस लेने में मुश्किल) आने पर लुधियाना के लिए हेल्पलाइन नंबर 0161 -2444193 या डॉ. दिवजोत सिंह को 9041274030 या डॉ.रमेश कुमार को 9855716180 पर फोन किया जा सकता है। प्राइवेट अस्पतालों की तरफ से कोरोनावायरस के साथ लड़ने के लिए 55 बेड, 38 वेंटिलेटर आइसोलेशन वार्ड स्थापित किए गए हैं। इनके साथ ही सरकारी अस्पतालों में 45 बेड स्थापित किए गए हैं।