Haryana News: अमृतपाल के समर्थन में लगाया आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस, आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
थाना बूड़िया के सुरक्षा एजेंट मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि क्षेत्र में एक हिंदू संगठन का व्हाट्सएप ग्रुप बना है। इसमें बूड़िया के पौचालियन मोहल्ला निवासी आकाशदीप भी जुड़ा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के यमुनानगर में खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह के समर्थन में बूड़िया निवासी एक युवक ने व्हाट्सएप पर विवादित स्टेट्स लगाकर लोगों की भावनाओं को आहत किया। आरोपी की पहचान बूड़िया के पौचालियन मोहल्ला निवासी आकाशदीप के रूप में हुई है।
आरोपी एक हिंदू संगठन के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा है। अमृतपाल सिंह के समर्थन में लगा स्टेट्स देख हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद बुधवार की देर रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ लोगों की भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सुरक्षा एजेंट की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
थाना बूड़िया के सुरक्षा एजेंट मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि क्षेत्र में एक हिंदू संगठन का व्हाट्सएप ग्रुप बना है। इसमें बूड़िया के पौचालियन मोहल्ला निवासी आकाशदीप भी जुड़ा है। बुधवार देर शाम उसने देखा कि आरोपी आकाशदीप ने अपने व्हाट्सएप पर पंजाबी भाषा में अमृतपाल की फोटो समेत विवादित स्टेट्स लगा रखा है। इसमें आकाशदीप ने लिखा है कि तूफान सिंह चाह पिंदे पिंदे सिंह ने, भारत मां हलां के रख तीं और अंग्रेजी भाषा में लिखा है, सपोर्ट एसजीपीसी इम्पलोई वी सपोर्ट अमृतपाल सिंह।
मनोज कुमार ने कहा कि आरोपी आकाशदीप ने भगोड़े अमृतपाल सिंह का समर्थन करते हुए यह विवादित पोस्ट की है। इस पोस्ट में भारत माता को लेकर विवादित शब्द लिखे गए हैं। इससे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी का विवादित स्टेट्स देखकर रात को ही हिंदू संगठन के कुछ लोग पुलिस थाने पहुंचे, जिसके बाद बूड़िया पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाशदीप को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
बूड़िया थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लोगों की भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यह अपील की गई है कि कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक या अभद्र पोस्ट ना डाले। अगर कोई भी व्यक्ति सांप्रदायिक तनाव या राष्ट्रहित के खिलाफ कोई आपत्तिजनक पोस्ट डालेगा तो उस पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज व अपराध यूनिट्स को निर्देश दिए कि अगर कोई भी इस तरह का मामला सामने आता है तो तुरंत कार्रवाई करे ताकि देश विरोधी ताकतों की साजिश कामयाब ना हो सके। - मोहित हांडा, एसपी, यमुनानगर।