हेमा के हेलिकॉप्टर की चपेट में आया युवक
अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी को करीब से देखने की चाहत में एक युवक घायल हो गया। मामला हरियाणा के हिसार के बरवाला से जुड़ा है। दरअसल हेमा मालिनी शुक्रवार को बरवाला, आदमपुर और हिसार में भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के आई हुई थीं।
युवक हेमा मालिनी को करीब से देखने की चाहत में गांव सरसौद निवासी महेंद्र हेमा मालिनी के हेलीकॉप्टर के इतने नजदीक चला गया कि हेलीकॉप्टर की पंखुडियों के रुकने से पहले ही वह उनकी चपेट में आ गया। घायल युवक को तुरंत बरवाला के निजी अस्पताल में भर्ती करवा गया, जहां पर डाक्टरों ने कुछ देर के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई।
इस घटना से वीआईपी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हेमा मालिनी शुक्रवार को जब हेलीकॉप्टर से बरवाला पहुंची तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर लैंडिंग की जगह पहुंच गए। ऐसे में सरसौद निवासी महेंद्र भी लैंडिंग की जगह पर पहुंच गया।
युवक के मरने की खबर फैल गई
हेमा मालिनी का हेलीकॉप्टर जैसे ही लैंडिंग करने लगा तो पंखे से उड़ने वाली धूल के कारण महेंद्र को कुछ दिखाई नहीं दिया। इसी कारण वह हेलीकॉप्टर की पंखुडियों की चपेट में आ गया और इससे उसकी गर्दन पर हल्की चोट आई।
भाजपा कार्यकर्त्ता घायल महेंद्र को निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां पर उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। हेलीकॉप्टर की चपेट में आए हुए युवक की मौत की भ्रामक खबर भी आग की तरह बरवाला व आसपास के इलाकों में फैल गई। यहां तक कि कई मीडिया चैनलों ने भी युवक की मृत्यु होने की खबर को प्रसारित कर दिया।
युवक के चपेट में आने के साथ ही कार्यकर्ताओं व हेमा मालिनी को देखने के लिए आए लोगों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। आलम यह रहा कि लोग को करीब दस मिनट की मशक्कत के बाद भाजपा कार्यकर्ता शांत करवा पाए। इसके बाद हेमा मालिनी केवल दस मिनट ही मंच पर रुकी और उसके बाद वह अन्य इलाकों में प्रचार के लिए रवाना हो गईं।