सुपर ब्रेन योग से दिमाग तेज होता है तो मंत्री करें, ताकि जनता का भला कर सकें: जयहिंद
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद का कहना है कि सुपरब्रेन योग के नाम पर सरकारी स्कूलों में बच्चों से कान पकड़ कर उठक-बैठक कराने का फैसला गैर जिम्मेदाराना और तुगलकी है।
उन्होंने कहा कि यदि इससे दिमाग तेज होता है तो शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा व खेलमंत्री अनिल विज उठक-बैठक करें, ताकि इनका भी दिमाग तेज हो और यह प्रदेश की जनता का भला कर सकें।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में नवीन जयहिंद ने कहा कि मैंने शारीरिक शिक्षा विषय से पढ़ाई की है। लेकिन किसी किताब में नहीं पढ़ा कि खाना खाने के बाद व्यायाम या योग करें।
उन्होंने कहा कि खाना खाने के बाद बच्चों को चार घंटे तक कोई भी एक्सरसाइज नहीं करनी चाहिए, इस बारे में जरूर हिदायत दी जाती है। जिस भी व्यक्ति या अधिकारी ने यह सर्कुलर तैयार किया है, उसे स्वास्थ्य व व्यायाम की कोई जानकारी नहीं है।
सरकार के मंत्रियों को भी इस बारे में कोई ज्ञान नहीं है। इस तरह के फैसले न केवल बेतुके हैं, बल्कि सरकार बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार एक्यूप्रेशर के नाम पर बच्चों को डंडे से पिटाई करने का फरमान भी जारी कर सकती है। जयहिंद ने कहा कि इस तरह के फरमान से स्कूलों में सुधार नहीं आएगा।
शिक्षा के स्तर, बच्चों को मिलने वाली सुविधाएं जिस तरह दिल्ली में मुहैया कराई गई हैं उसी तर्ज पर हरियाणा के सरकारी स्कूलों का विकास करने की जरूरत है। बच्चों को स्कूलों में दलिया खिचड़ी खिला रहे हैं। बच्चों का दिमाग तेज करना है तो सरकार उनके लिए बादाम भेजे।