लोकसभा 2024: पंजाब में हाथ मिलाने को तैयार नहीं कांग्रेस और आप, दोनों ने कही अलग-अलग चुनाव लड़ने की बात
एक दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पंजाब में अकेले लड़ने की बात कही थी। आप सरकार में मंत्री अनमोल गगन मान ने भी कांग्रेस से गठबंधन से साफ इन्कार किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय स्तर पर बने विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A के बावजूद पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हाथ मिलाने को तैयार नहीं हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक बार फिर पंजाब में दोनों पार्टियों के गठबंधन की संभावना से साफ इन्कार कर दिया है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा भी गठबंधन से मना कर चुके हैं।
वड़िंग ने गुरुवार को राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर पार्टी कैडर और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के उद्देश्य से 'चर्चा पंजाब दी' अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर साफ कर दिया है कि पंजाब में कांग्रेस अपने बूते पर ही लोकसभा चुनाव लड़ेगी। वहीं, एक दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पंजाब में अकेले लड़ने की बात कही थी। आप सरकार में मंत्री अनमोल गगन मान ने भी कांग्रेस से गठबंधन से साफ इन्कार किया था।
अब दोनों पार्टियों के बीच पंजाब में गठबंधन का फैसला पार्टी हाईकमान की ओर से ही तय होगा। हालांकि, अगले साल होने जा रहे लोकसभा चुनाव को लेकर पंजाब में कांग्रेस व आप के बीच समझौते के लिए तालमेल कमेटी बनना तो दूर, अभी तक इस पर चर्चा तक नहीं हुई है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और पंजाब आप के प्रभारी जरनैल सिंह ने भी कहा है कि अभी ऐसी कोई चर्चा नहीं है।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य इकाई को पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयारी करने को कहा है। 18 सदस्यीय टीम ने केंद्रीय लीडरशिप ने इस बात पर सख्ती से स्टैंड लिया कि पंजाब में आप से गठबंधन की जरूरत नहीं है। पंजाब में कांग्रेस आप से समझौता करे या न करे दोनों की स्थितियों में भाजपा को राज्य में एक भी सीट नहीं आने वाली है।
पार्टी आलाकमान ने राज्य इकाई को किसी भी गठबंधन या सीट बंटवारे के बारे में नहीं बताया है। दो दिन पहले कांग्रेस पदाधिकारियों व जिला प्रधानों की मंथन बैठक में भी प्रदेश के नेताओं ने गठबंधन का विरोध किया था। इस बैठक के नतीजों की रिपोर्ट 26 सितंबर को हाईकमान को सौंपी जाएगी।
...इधर, आप और कांग्रेस ने शुरू की चुनाव की तैयारी
उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 13 सितंबर को अमृतसर पहुंचेंगे। वे यहां मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में प्रदेश सरकार की स्कूल ऑफ एमिनेंस योजना की शुरुआत करेंगे। अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर अमित तलवार ने कहा कि इस दिन स्कूल ऑफ एमिनेंस, स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए परिवहन सेवा, स्कूलों में सुरक्षा कर्मी और अन्य सेवाएं भी पंजाब के बच्चों को समर्पित की जाएंगी।
कांग्रेस ने शुरू किया चर्चा पंजाब दी अभियान
पंजाब कांग्रेस ने गुरुवार को 'चर्चा पंजाब दी' अभियान की शुरुआत की। यह अभियान सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को अपने मन की बात कहने और विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह मंच उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को अवसर प्रदान करेगा, जो विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के गांवों में जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत कर रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि यह अभियान सभी 117 निर्वाचन क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों, पार्टी कैडर व कार्यकर्ताओं तक पहुंचने की एक बड़ी पहल है। इससे जनता के दृष्टिकोण को समझने में मदद मिलेगी।
अभी गठबंधन को लेकर तालमेल कमेटी बनाने जैसी कोई बात मेरे ध्यान में भी नहीं है। अभी इस बारे में कोई निर्देश भी नहीं मिला है। इस मामले में अभी कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं कहा जा सकता। - जरनैल सिंह, पंजाब आप के प्रभारी।
अभी राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन हुआ है। पंजाब का कोई जिक्र नहीं है। यहां के नेता अपनी बात अपना पक्ष और जमीनी स्थिति से अवगत करवा रहे हैं। पंजाब को लेकर अभी कोई तालमेल की बात ही नहीं है। - हरीश चौधरी, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी।
हम प्रदेश में अपने दम पर ही लोकसभा चुनाव लड़ंगे। पार्टी की राज्य इकाई को भरोसा है कि आलाकमान उनकी सहमति के बिना 2024 के लोकसभा चुनावों में आप के साथ गठबंधन को लेकर कोई निर्णय नहीं लेगा। -अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष।