मोगा में घर के बाहर खेल रहे मासूम को कुत्तों ने नोंचा, जालंधर में भी दो को बनाया शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोगा जिले के गांव वड्डा घर में शनिवार सुबह लावारिस कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे का मुंह बुरी तरह नोच लिया। बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे मोगा से फरीदकोट रेफर कर दिया गया है।
कुलदीप कौर निवासी गांव वड्डा घर ने बताया कि शनिवार सुबह उनका पांच वर्षीय बेटा अरविंदरपाल सिंह अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक लावारिस कुत्ते ने उसका मुंह नोच लिया। बच्चे की चीखें सुनकर परिवार वाले तुरंत घर से बाहर निकले और वहां से कुत्ते को भगाकर बच्चे की जान बचाई। गंभीर घायल अवस्था में अरविंदरपाल को मोगा के सिविल अस्पताल लाया गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया।
सिविल अस्पताल से ली गई जानकारी के मुताबिक केवल मोगा के सिविल अस्पताल में प्रति माह डॉग बाइट के 300 के करीब केस आ रहे हैं। बावजूद इसके जिला प्रशासन लावारिस कुत्तों और पशुओं से लोगों को निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
जालंधरः कुत्तों ने बुजुर्ग महिला और बच्चे को बनाया शिकार
शहर में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। तीन दिन पहले पिटबुल डॉग ने एक बच्चे को काट लिया था। वहीं शनिवार को भी लावारिस कुत्ते ने एक महिला और पड़ोसियों के कुत्ते ने छोटे बच्चे को नोच खाया। पालतू कुत्ते के मालिक ने थाने में राजीनामा लिखकर और कुत्ते को छोड़कर आने की बात कही।
जानकारी के अनुसार जीटीबी नगर में लावारिस कुत्ते ने बुजुर्ग महिला के हाथ पर काट लिया। महिला ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की कि लावारिस कुत्तों के आतंक से बचाया जाए। वहीं बस्ती बावा खेल क्षेत्र में पालतू कुत्ते ने घर के बाहर खड़े परिवार पर हमला कर दिया। गुरविंदर सिंह ने बताया कि वह सुबह सैर कर रहे थे और उनका परिवार घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोसियों के एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। इसमें उनका बच्चा बुरी तरह घायल हो गए। पत्नी बाल-बाल बची।
थाना बस्ती बावा खेल के एएसआई रमिंदर सिंह ने बताया कि यह कुत्ता पहले भी मोहल्ले के कई लोगों को काट चुका है। शिकायत पर कुत्ते के मालिक को थाने बुलाया गया। मोहल्ला निवासियों के सामने उसने कुत्ता छोड़कर आने की बात कहीं। इस बात पर उनका आपस में समझौता हो गया।