चंडीगढ़ में बनेगा ऐसा पार्क, जिसमें दिव्यांग बच्चे सुरक्षित माहौल में खेलेंगे और खेल-खेल में सीखेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्मार्ट सिटी विभाग चंडीगढ़ में दिव्यांगों के लिए एक विशेष पार्क बनाने जा रहा है। इस पार्क में दिव्यांग बच्चे झूला भी झूल सकेंगे और मैरी गो राउंड पर मस्ती भी कर सकेंगे। खेल-खेल में बच्चे म्यूजिकल पाइप के साथ ड्रम बजा सकेंगे। यह सब व्यवस्था एक ही पार्क में होगी। प्रत्येक दिव्यांग के लिए इस पार्क में उपकरण लगाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी विभाग अगले सप्ताह इसकी निविदा कराने जा रहा है।
स्मार्ट सिटी विभाग के जीएम एनपी शर्मा ने बताया कि सेक्टर-22 में गुरुद्वारे के सामने वाले पार्क को इस योजना के लिए चुना गया है, क्योंकि वहां गाड़ियां रखने की काफी जगह है। 0.65 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस पार्क की लागत 1 करोड़ 75 लाख रुपये है। निविदा लेने के बाद कंपनी को 9 माह में पार्क बनाकर तैयार करना होगा।
निविदा लेने वाली कंपनी पांच साल तक इसका संचालन करेगी। जीएम ने बताया कि इस विशेष पार्क में ईपीडीएम रबर का फर्श होगा। इससे बच्चों को गिरने से चोट भी नहीं लगेगी। मानसिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए यह पार्क बनाया जा रहा है। उनकी मस्तिष्क क्षमता बढ़ाने के लिए अलग-अलग रंग व आकार की रेलिंग भी लगेंगी। इसके अलावा व्हीलचेयर से चलने वाले दिव्यांग अपनी फिटनेस पर ध्यान दे सकेंगे ताकि उनके हाथ और कंधे मजबूत हो सकें।
चेन्नई व भुवनेश्वर में हैं ऐसे पार्क
इससे पहले चेन्नई व भुवनेश्वर में भी ऐसे पार्क बनाए गए हैं। इन पार्कों को लेकर भी अधिकारियों ने समीक्षा की। किस तरह यह पार्क बने, क्या खूबियां रहीं और इसका कितना फायदा मिला, इन सभी बातों को विशेष रूप से ध्यान में रखकर यह पार्क बनाया जा रहा है।
पौधों की खुशबू और पत्तों के स्वाद से होगी उसके नाम की पहचान
पार्क में विशेष औषधीय गुण वाले पौधे रोपे जाएंगे। इसकी खुशबू और पत्तों के स्वाद से दृष्टिहीन बच्चे पौधे का नाम बता सकेंगे। इसके अलावा कुछ खेल के उपकरणों पर उभरे हुए अक्षर होंगे, जिससे वे खेल-खेल में कुछ सीख सकें।
यह होंगी पार्क में सुविधाएं
- छोटा बास्केटबॉल कोर्ट
- म्यूजिक पाइप ड्रम के साथ
- मैरी गो राउंड चेयर
- 2 सीट वाला झूला
- स्प्रिंग राइडर
- कोंगो ट्रैक
- पाम व्हील
- स्लाइडर
नगर निगम के कर्मचारियों को मिलेगा प्रशिक्षण
अधिकारियों का कहना है कि वैसे तो हर बच्चे के साथ कोई न कोई प्रशिक्षक आता है लेकिन निगम के कुछ कर्मचारियों को भी तैनात किया जाएगा। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। किस उपकरण का कैसे प्रयोग करना है, इसकी जानकारी बच्चों व उनके साथ आने वाले प्रशिक्षक को दी जाएगी।
शहर में यह विशेष प्रकार का पार्क होगा। दिव्यांगों को बेहतर माहौल देने के उद्देश्य से यह पार्क बनाया जा रहा है। इससे उन्हें भी सामान्य बच्चों की तरह खेलने का मौका मिल सके। -केके यादव, सीईओ, स्मार्ट सिटी विभाग