अब पीजीजीसी-11 के प्रिंसिपल को मिला धमकी भरा ई-मेल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते एक महीने से चंडीगढ़ में लगातार आतंकी हमले की धमकी मिल रही है। पहले एलांते मॉल, फिर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट और उसके बाद जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब सेक्टर-11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर ब्वॉयज (पीजीजीसी) को उड़ाने की धमकी से सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।
इस बार पीजीजीसी की प्रिंसिपल रमा अरोड़ा को ई-मेल के जरिए कॉलेज को उड़ाने की धमकी मिली है। कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस ने आसपास के एरिया में नाकाबंदी कर दिनभर कॉलेज में सर्च अभियान चलाया। हैरानी की बात है कि पुलिस अभी तक ई-मेल भेजने वाले आरोपी की पहचान तक नहीं कर सकी है।
मामला सोमवार सुबह का है। कॉलेज प्रिंसिपल रमा अरोड़ा ने अपने ई-मेल पर एक धमकी भरा मैसेज देखा। इसमें लिखा था कि सोमवार को कॉलेज में आतंकी हमला होगा। मैसेज को देख रमा अरोड़ा ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना पाकर डॉग स्क्वॉड टीम समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और कॉलेज को अच्छी तरह से खंगालना शुरू किया। साथ ही वहां से गुजरने वाले लोगों के बैग की तलाशी लेकर आसपास के इलाके में मुस्तैदी बढ़ा दी गई।
इसके अलावा पुलिस ने पीजीसीजी (पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स) में भी काफी देर तक चेकिंग की। कॉलेज के हर हिस्से को खंगालने के बाद पुलिस ने वहां भी कई लोगों बैग चेक किए। साथ ही पुलिस ने इन एरिया में पीसीआर गश्त बढ़ा दी है। पुलिस का दावा है कि मेल भेजने वाले आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लगातार आतंकी हमले की धमकी से पुलिस की नींद उड़ी
बता दें कि बीते 12 अगस्त को एलांते मॉल को बम से उड़ाने की धमकी के बाद 16 अक्तूबर को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने का धमकी भरा पत्र मिला था। इसके बाद 24 अक्तूबर को जिला अदालत में एक और पत्र मिला कि 29 अक्तूबर की दोपहर जिला अदालत और पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ा दिया जाएगा।
लगातार आ रहे आतंकी हमलों की सूचना से पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ी हुई है। अब तक जिन जगहों पर बम धमाके की सूचना दी गई, वह सभी सूचनाएं फर्जी निकलीं लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि अब तक एक भी मामले में पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। इन आतंकी हमलों की झूठी सूचनाओं के पीछे कौन है और उसका मकसद क्या है, इसका भी कोई सुराग सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को नहीं लगा है।
ई-मेल पर रविवार रात करीब 10 बजे मैसेज आया था कि कॉलेज पर अगले दिन (सोमवार) आतंकी हमला होगा। इसके बाद फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। दिनभर पुलिस कॉलेज में जांच करती रही। -रमा अरोड़ा, प्रिंसिपल, पीजीजीसी-11