Haryana Panchayat Election: चार जिलों में 83.2% मतदान, हिसार में जजपा को झटका, मंत्री की चाची हारीं
जिला परिषद और ब्लॉक समिति सदस्यों के लिए 22 जिलों में पड़े वोटों की गणना 27 नवंबर को होगी। राज्य चुनाव आयोग ने इस दिन सभी जिलों में ड्राई डे घोषित किया है।
विस्तार
पंचायती राज चुनाव के तीसरे व अंतिम चरण में शुक्रवार को चार जिलों में पंचों व सरपंचों के लिए 83.2 प्रतिशत मतदान हुआ। यह पहले दोनों चरणों से अधिक रहा। पहले चरण में 81.9 प्रतिशत और दूसरे चरण में 82.7 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने दावा किया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर चारों जिलों फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार और पलवल में मतदान शांतिपूर्ण रहा।
22 लाख में से करीब 18.31 लाख मतदाताओं ने 929 सरपंच और 10362 पंचों के भाग्य का फैसला किया। कई जगह ईवीएम में खराबी हुई थी लेकिन चुनाव प्रक्रिया में लगे अधिकारियों ने तत्काल ईवीएम बदल कर मतदान कराया। रात तक नतीजे जारी कर दिए गए।
जजपा को लगा झटका, मंत्री अनूप धानक की चाची कविता हारीं
हिसार में पंचायत चुनाव में जजपा को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश के राज्यमंत्री अनूप धानक की चाची कविता गांव राजली में सरंपच का चुनाव हार गईं। वे चौथे स्थान पर रहीं। सुनीता 2280 वोट लेकर सरपंच बनीं। वहीं, राज्यसभा सदस्य रहे स्वर्गीय रामजीलाल जांगड़ा के बेटे सुभाष जांगड़ा भी आर्यनगर से चुनाव हार गए।
पंडित रामजीलाल जांगड़ा प्रदेश के पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के बेहद करीबी थे। उन्होंने गांव के पंच के चुनाव से राजनीति शुरू की थी। फतेहाबाद जिले में सरपंच पद पर कड़े मुकाबले में पैतृक गांव मामुपुर गांव से जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह का बेटा तेजेंद्र सिंह चुनाव हार गया। उन्हें गांव के गुरप्रीत ने हराया है।
फतेहाबाद में सबसे ज्यादा व फरीदाबाद में कम वोट पड़े
- फतेहाबाद: 87.4 प्रतिशत
- पलवल: 83.0 प्रतिशत
- हिसार: 82.3 प्रतिशत
- फरीदाबाद: 78.4 प्रतिशत
27 नवंबर को हरियाणा में ड्राई डे
जिला परिषद और ब्लॉक समिति सदस्यों के लिए 22 जिलों में पड़े वोटों की गणना 27 नवंबर को होगी। राज्य चुनाव आयोग ने इस दिन सभी जिलों में ड्राई डे घोषित किया है। शराब के ठेकों, होटल, बार आदि में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर छह माह की जेल हो सकती है।