थम रहा संक्रमण: हरियाणा में 10 दिन में घटे 40 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले, 124 मरीजों की मौत
हरियाणा में कोरोना संक्रमण तेजी से घटने लगा है। रिकवरी रेट भी तेजी से सुधर रहा है। 10 दिन में 40 हजार सक्रिय मामले घटे हैं। वहीं 18 जिलों में ठीक होने वालों की संख्या संक्रमितों से ज्यादा रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिछले एक सप्ताह से हरियाणा में संक्रमण के नए केसों में कमी आने के साथ-साथ रिकवरी दर लगातार बढ़ रही है। इस समय रिकवरी दर 88.33 प्रतिशत पहुंच गई है। यह 10 मई को 81 प्रतिशत थी। पिछले 10 दिनों में 40,953 एक्टिव मरीज घटे हैं। 9 मई को इस माह के सबसे अधिक 1,16,867 एक्टिव केस थे, जो अब घटकर 75,914 रह गए हैं।
18 जिलों में नए केसों के मुकाबले ठीक होने वाले लोगों की संख्या अधिक है। पहले सौ सैंपलों में 29 लोग पॉजिटिव मिल रहे थे, अब इनकी संख्या आधे से भी कम रह गई है। सोमवार को लिए गए 49,934 सैंपलों की पॉजिटिविटी दर 13.70 प्रतिशत मिली है। मंगलवार को 60,457 सैंपल लिए गए हैं। वहीं 7774 नए पॉजिटिव मिले हैं।
हर जिले में मौत, 124 की गई जान
मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना मरीजों की मौत हुई। मंगलवार को कुल 124 मरीजों की मौत हुई है। गुरुग्राम 14, हिसार-करनाल 10-10, जींद 9, फरीदाबाद-अंबाला-रेवाड़ी 8-8, भिवानी 7, रोहतक 6, सिरसा-यमुनानगर-पानीपत-झज्जर 5-5, सोनीपत-फतेहाबाद 4-4, कुरुक्षेत्र 3, पंचकूला-कैथल 2-2, महेंद्रगढ़-पलवल-नूंह में 1-1 कोरोना मरीज की मौत दर्ज की गई है।
खाली हो रहे अस्पतालों में बेड
सरकारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में इस समय ऑक्सीजन बेड 5,383 और वेंटिलेटर-आईसीयू वाले 973 खाली हैं। वहीं, ऑक्सीजन पोर्टल पर अब तक 13,658 आवेदन आए हैं। इनमें से 8,215 के घर ऑक्सीजन सिलिंडर पहुंच चुका है, जबकि 418 की प्रक्रिया जारी है। 5,027 आवेदन रद्द किए गए हैं।
50 लाख से अधिक का हुआ टीकाकरण
मंगलवार को हरियाणा में 50 लाख लोगों का टीकाकरण पूरा हो गया। 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के तहत पहले बुजुर्ग, गंभीर बीमारी वाले कवर किए गए। 1 मई से 18 से 44 साल के लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ था। हरियाणा में अब तक 60 से अधिक 16,46,835 को 45 से 60 साल के बीच 16,06,395 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
युवाओं की बात करें तो 18 से 30 साल के 3,44,089 लोगों और 30 से 45 साल के बीच के 5,40,772 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। मंगलवार को 55,360 ने पहली और 2,278 ने वैक्सीन की दूसरी डोज का इंजेक्शन लगवाया। अब तक हरियाणा में 50,11,317 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। हरियाणा की जनसंख्या करीब ढाई करोड़ है। इनमें से युवाओं की संख्या 1.80 करोड़ हैं।
21 लाख की स्क्रीनिंग, 24 हजार में मिले लक्षण
हरियाणा जनरल हेल्थ चेकअप स्कीम के तहत 15 से 18 मई तक चलाए अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 3011 गांवों में 5 लाख से अधिक घरों में पहुंचकर 21 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की। इनमें से 24084 लोगों में बुखार आदि के लक्षण पाए गए। 16787 लोगों को गांवों में स्थापित आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। वहीं, टेस्ट करने पर 1511 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें से 318 लोगों को गांवों में ही आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। 69 मरीजों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।
- जिला नए केस ठीक हुए
- गुरुग्राम 1247 3210
- फरीदाबाद 429 2027
- सोनीपत 408 724
- हिसार 630 1306
- अंबाला 178 297
- करनाल 377 690
- पानीपत 154 635
- रोहतक 325 647
- कुरुक्षेत्र 164 266
- यमुनानगर 317 347
- सिरसा 691 704
- महेंद्रगढ़ 298 786
- भिवानी 530 797
- झज्जर 452 333
- फतेहाबाद 174 518
- जींद 332 461
- नूंह 55 256
यहां केस अधिक, ठीक कम
- पंचकूला 270 163
- पलवल 262 216
- चरखीदादरी 127 113
- कैथल 74 59