पंचकूला : गौधाम गोशाला में जहरीला चारा खाने से 70 गायों की मौत, 30 की हालत नाजुक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माता मनसा देवी स्थित गोधाम गोशाला में मंगलवार देर रात 70 गायों की मौत हो गई, जबकि 30 की हालत नाजुक बनी हुई है। पशु पालन विभाग की टीम गोवंश को बचाने में जुटी है। प्राथमिक जांच में भी मौत की वजह विषाक्त खाना लग रहा है। हालांकि जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा समेत प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
गोशाला के कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे कोई बाहरी व्यक्ति आया और गायों को खाना डालकर चला गया। इसे खाने के बाद रात करीब साढ़े 9 बजे गायों की हालत बिगड़ गई। कर्मचारियों ने देखा तो हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना माता मनसा देवी के अधिकारियों समेत डॉक्टरों की टीम को दी गई।
10 मिनट में टीम वहां पहुंच गई और पशुपालन विभाग को सूचित करने के बाद डॉक्टर इलाज में जुट गए। सुबह होते होते 70 गायों की मौत हो गई, जबकि 30 गोवंश के उपचार में डॉक्टर दिन भर लगे रहे। इन्हें ग्लूकोज और टीका लगाने का क्रम जारी रहा। माता मनसा देवी गोशाला के सचिव डॉ. नरेश मित्तल ने बताया कि मंगलवार रात 9:30 बजे उन्हें सूचना मिली थी।
मित्तल ने बताया कि कोई व्यक्ति कुट्टू का आटा डाल गया, जिसे खाने से इनकी मौत हुई है। हो सकता है उस आटे में कोई विषैला पदार्थ मिलाया गया हो। बता दें कि माता मनसा देवी गोशाला में कुल 7 शेड बने हुए हैं, जिनमें से दो शेड में 70 गायों की मौत हुई है। अन्य 5 शेड की गाय सुरक्षित हैं। इस गोशाला में लगभग 1500 गायें हैं।
करनाल से लौटे विधानसभा स्पीकर
चंडीगढ़ से दिल्ली जा रहे हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को करनाल के पास पशुओं की मौत की सूचना मिली। इसके बाद वह तत्काल गोशाला पहुंचे। उन्होंने जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया, जिसमें जिला परिषद् की सचिव रिशू सिंगला, एसीपी राजकुमार और पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉक्टर अनिल कुमार शामिल हैं।
उन्होंने टीम से दो दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। ज्ञानचंद गुप्ता ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा को एडवाइजरी बनाकर सभी गोशाला प्रबंधकों को जारी करने का निर्देश दिया है। ताकि भविष्य में इस तरह का कोई हादसा न हो। दूसरी ओर, पुलिस गोशाला में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। ताकि विषाक्त खाना डालने वाले की पहचान हो सके।
सीसीटीवी में कैद हुआ मास्क धारी कौन
इस मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा है, जिसने मास्क पहन रखा है। वह व्यक्ति घटना से करीब आधे घंटे पहले आया था और पशुओं के बाडे़ में कुछ डालकर जाता दिखाई दिया है। पुलिस और गोशाला प्रबंधन ने 70 फीसदी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर ली है। यदि व्यक्ति ने मास्क न पहन रखा होता तो अब तक पुलिस उसे गिरफ्तार भी चुकी होती।
पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय हिसार में पोस्टमार्टम
एसीपी राजकुमार ने बताया कि हरियाणा पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय हिसार में मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पशुओं की मौत किस कारण से हुई है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी सच्चाई
पशु चिकित्सा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि प्राथमिक जांच में विषाक्त खाने (फूड प्वाइजनिंग) से मौत लग रही है। चारे और मृत गायों के सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट दो दिन में आ जाएगी। इसके बाद साफ हो जाएगा कि मौत का कारण क्या है।