जालंधर में बढ़ा कोरोना का प्रकोप, 66 नए पॉजिटिव मिले, NIT में 800 बेड का कोविड केयर सेंटर बना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जालंधर में शुक्रवार को कोरोना के 66 नए केस सामने आए हैं। लगातार जालंधर में कोरोना के संक्रमित मिल रहे है। शुक्रवार को ये मामले हरदयाल नगर, जालंधर कैंट, रायपुर रसूलपुर, गोपाल नगर, लद्वेवाली, प्रीत एन्क्लेव, न्यू रसीला नगर, गांव पचरंगा भोगपुर, बनिया मोहल्ला फिलौर, मखदूमपुरा, उपकार नगर में मिले हैं।
वहीं शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना के लगातार आ रहे मरीजों से शहर से लेकर देहात तक माइक्रो कंटेनमेंट जोन की गिनती बढ़ती जा रही है। शहर व देहात में मिलाकर अब 20 माइक्रो कंटेनमेंट जोन हो गए हैं। जालंधर के डीसी घनश्याम थोरी की तरफ से शुक्रवार सुबह जारी सूची के मुताबिक, शहीद भगत सिंह नगर, राम नगर, अटवाल हाउस, काली मोहल्ला, कटड़ा मोहल्ला बस्ती बावा खेल, ईशा नगर, गोबिंदगढ़ सेंट्रल टाउन, हरदयाल नगर, गोल्डन एवेन्यू, रस्ता मोहल्ला, सूर्या विहार मकसूदां, अड्डा होशियारपुर व लाजपत नगर भी अब माइक्रो कंटेनमेंट जोन में आ गया है।
यह भी पढ़ें- उम्मीद: रोहतक पीजीआई में कोरोना वैक्सीन का ट्रायल शुरू, तीन लोगों को दी गई डोज, सभी का स्वास्थ्य ठीक
ग्रामीण क्षेत्र में समराए जंडियाला, अरोड़ा मोहल्ला भोगपुर, दशमेश नगर भोगपुर, नत्थोवाल, अकबरपुर खुर्द नकोदर, इमलीवाला मोहल्ला करतारपुर को माइक्रो कंटेनमेंट जोन में रखा गया है। कंटेनमेंट जोन की गिनती अभी तीन ही है, जिसमें फतेहपुर किशनपुरा, मखदूमपुरा व भूर मंडी शामिल है।
एनआईटी जालंधर को बनाया कोविड केयर सेंटर
जिला मजिस्ट्रेट घनश्याम थोरी ने कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) को 800 बेड का कोविड केयर सेंटर बना दिया है। कोविड केयर सेंटर के लिए एनआइटी का ब्लॉक ए व एफ इस्तेमाल किया जाएगा। कोरोना से प्रभावित मरीजों के आने-जाने के लिए गेट नंबर एक रिजर्व रहेगा।
वहीं, स्टूडेंट्स व एनआईटी स्टाफ के लिए गेट नंबर दो का इस्तेमाल होगा। यहां कोविड केयर मैनेजमेंट कमेटी गठित कर दी गई है। इसका प्रेसिडेंट जेडीए की एस्टेट अफसर नवनीत बल को बनाया गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरिंदर सिंह इसके मेंबर सेक्रेटरी होंगे। इसके अलावा करतारपुर के डीएसपी सुरिंदर पाल सिंह, एनआईटी के रजिस्ट्रार एसके मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ इलेक्ट्रिकल जतिंदर अरुण, पावरकॉम के सहायक एक्सईएन राम लाल, जालंधर वेस्ट बीडीपीओ दफ्तर के जेई अश्विनी गेरा, करतारपुर के एएफएसओ जगमोहन सिंह, ईटीओ पवन व पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के कंस्ट्रक्शन डिवीजन टू के एसडीओ सोमनाथ वर्मा बतौर सदस्य शामिल होंगे।
जिला मजिस्ट्रेट घनश्याम थोरी ने कमेटी को किसी भी तरह के जरूरी उपकरण खरीदने के अधिकार दे दिए हैं। कमेटी यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोविड केयर सेंटर को पूरी तरह से आम लोगों से अलग रखा जाए। उन्होंने कहा कि तीन महीने के लिए एनआईटी को कोविड केयर सेंटर बना दिया गया है। अगर कोरोना की महामारी जारी रहती है तो इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।