कैप्टन की मांग-बाकी गुरु धामों के दर्शन की छूट दे पाक, पीएम मोदी से करेंगे मसला उठाने का अनुरोध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मांग की है कि पाकिस्तान को सिखों के बाकी गुरु धामों के दर्शन-दीदार की छूट देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मसला पाकिस्तान के सामने उठाने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करेंगे। सरकार की ओर से आयोजित मुख्य समागम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में कैप्टन ने एक और अहम एलान किया।
उन्होंने कहा कि सच्ची भावना के साथ सेवा करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रकाश पर्व मेडल से सम्मानित किया जाएगा। उनकी सरकार ने इस ऐतिहासिक मौके पर 550 कैदियों को रिहा करने का फैसला किया है। इनमें से 450 को रिहा किया जा चुका है, बाकी कैदियों को अगले कुछ माह में रिहा कर दिया जाएगा।
श्री सहज पाठ जी के भोग के बाद धार्मिक समागम में सीएम ने देश-विदेश से आई संगत का स्वागत किया। गुरु नानक दरबार पंडाल में लोगों, सरकार, संत समाज और धार्मिक जत्थेबंदियों की ओर से पांच नवंबर को श्री सहज पाठ का प्रकाश करवाया गया था।
सीएम ने समागमों को सफल बनाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का जिक्र करते हुए खुशी जताई कि सभी राजनीतिक पार्टियों ने इसमें हिस्सा लिया। जो पहली पातशाही को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने सरबत के भले का संदेश दिया था। सिखों की भावनाओं का सत्कार करते हुए गुरद्वारा श्री करतारपुर साहिब के खुले दर्शन-दीदार की आज्ञा देने के लिए सीएम ने एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी और पाक पीएम इमरान खान का धन्यवाद किया।
साथ ही उम्मीद जताई कि भारतीय श्रद्धालुओं को जल्द ही पाक के दूसरे गुरु धामों के दर्शन करने की इजाजत मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्री ननकाना साहिब जैसे गुरु धामों के दर्शन की इजाजत देने का मुद्दा वह पीएम मोदी से उठाएंगे।
सीएम ने की पर्यावरण बचाने की अपील
श्री गुरु नानक देव जी के संदेश पवन गुरु, पानी, पिता, माता, धरती की अहमियत बताते हुए सभी से पर्यावरण बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने के कारण वातावरण को नुकसान हो रहा है। अगर हम ऐसे ही पानी का दुरुपयोग करते रहे तो बीस साल बाद पंजाब रेगिस्तान हो जाएगा। सभी को कुदरती संसाधनों की संभाल करते हुए पंजाब को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना चाहिए।
कई नए प्रोजेक्ट हुए शुरू
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 550वें प्रकाश पर्व पर राज्य सरकार की ओर से लागू किए गए प्रोजेक्टों का भी जिक्र किया। जिनमें सुल्तानपुर लोधी और डेरा बाबा नानक में प्राथमिक ढांचे का विकास, केंद्र के सहयोग से सुल्तानपुर लोधी को विरासती शहर बनाना, दोनों जगह टेंट सिटी बनाना, लाइट एंड साउंड शो, सतलुज और ब्यास नदियों में तैरते हुए लाइट एंड साउंड शो, प्रदर्शनियां, जीएनडीयू में अंतर-धर्म सम्मेलन, विधानसभा का विशेष सत्र, नई ओपन यूनिवर्सिटी और 11 विश्वविद्यालयों में चेयर शामिल हैं।
एनआरआई के केसों के जल्द समाधान के लिए विशेष अदालतें
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एनआरआईज को भरोसा दिया है कि वह उनके केसों के जल्द समाधान का मसला केंद्र सरकार और हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के पास उठाएंगे। ताकि पंजाब में विशेष अदालतें स्थापित की जा सकें। आतंकवाद के दिनों में पंजाब छोड़कर गए लोगों को भगोड़ा करार दे दिया गया था, उनके मामले हल करवाएंगे।
सोमवार शाम सीएम ने प्रकाश पर्व समागम के दौरान अप्रवासी पंजाबियों को संबोधित किया। साथ ही श्री गुरु नानक देव जी के फलसफे पर आधारित पुस्तकें, यादगारी सिक्के और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। एनआरआईज ने चिंता जताई कि विदेश में रह रहे ज्यादातर लोग पंजाब नहीं आ सके। श्री दरबार साहिब और अन्य पवित्र स्थानों में जाकर नतमस्तक नहीं हो सकते।
कुछ मामलों में अदालत के समक्ष पेश न होने के कारण उन्हें भगोड़ा करार दे दिया गया है। सीएम ने कहा कि हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से वह इस संबंध में विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही भारत सरकार के साथ विदेशों में यूके, यूएस, कनाडा, जर्मनी, फ्रांस जैसे कुछ मिशन, जहां काफी पंजाबी रहते हैं, में ऐसी विशेष अदालतें स्थापित करने की संभावनाएं विचारेंगे।
सरकार के प्रमुख प्रोग्राम अपनी जड़ों से जुड़ो का जिक्र करते हुए सीएम ने अपने बच्चों को प्रेरित कर पंजाब भेजने वाले एनआरआईज का धन्यवाद किया। श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर करतारपुर गलियारा खुलने पर पूरी सिख कौम और एनआरआईज को बधाई दी। यूके की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अवतार सिंह ने केंद्र से ब्लैक लिस्ट खारिज करवाने के लिए निजी तौर पर कोशिश करने के लिए सीएम का धन्यवाद किया।
साउथ हॉल निवासी जसवंत सिंह ठेकेदार ने एनआरआईज के मसलों के हल के लिए सीएम के नेतृत्व पर भरोसा जताया। इस मौके पर कनाडा के सांसद बॉब सरोआ, रमेश्वर संघा, लॉर्ड दिलजीत राणा और इंदरजीत बल, तेजिंदर सिंह, इकबाल सिंह समेत कई एनआरआई मौजूद थे। समागम में सांसद परनीत कौर, पंजाब कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी और कई कांग्रेस नेता भी शामिल हुए।