Nuh Violence: नूंह हिंसा बड़े षड़यंत्र का हिस्सा, बाहर के लोग भी शामिल, 44 FIR दर्ज, 70 हिरासत में
Nuh Haryana News: मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहल लाल और गृह मंत्री अनिल विज ने प्रशासनिक और पुलिस के उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ नूंह हिंसा को लेकर बैठक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री आवास पर एक घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में घटना के कारणों को तलाशने पर भी मंथन किया गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Nuh Haryana News in Hindi: नूंह में हुई हिंसा को हरियाणा सरकार ने बड़े षड़यंत्र का हिस्सा करार दिया है। सरकार का मानना है कि इस हिंसा में नूंह क्षेत्र से बाहर के लोग भी शामिल हैं। फिलहाल हिंसा को लेकर कुल 44 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 70 लोगों को नामजद करते हुए हिरासत में लिया गया है। दंगे में शामिल स्थानीय और बाहरी लोगो की वीडियो फुटेज और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि इस षड़यंत्र में कोई भी शामिल रहा हो, उसको बख्शा नहीं जाएगा।
मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहल लाल और गृह मंत्री अनिल विज ने प्रशासनिक और पुलिस के उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ नूंह हिंसा को लेकर बैठक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री आवास पर एक घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में घटना के कारणों को तलाशने पर भी मंथन किया गया, साथ ही भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो इसके लिए पुख्ता प्रबंध करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सालों से हर वर्ष सामाजिक यात्रा निकलती रही है। 31 जुलाई को नूंह में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। कुछ लोगों ने न केवल यात्रा पर बल्कि पुलिस पर भी आक्रमण कर यात्रा को भंग किया गया।
शरारती तत्वों ने आगजनी की और कई गाड़ियों को जला दिया। पूरी घटना किसी बड़े षड़यंत्र का हिस्सा लगती है। सरकारी एजेंसियां इसकी तह तक जाने के लिए जांच में जुट गई हैं। बैठक में मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ अमित अग्रवाल मौजूद थे। इनके अलावा, पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सीआईडी आलोक मित्तल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
पांच लोगों की हो चुकी मौत, जान-माल के नुकसान का मुआवजा देगी सरकार
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी तक पांच लोगों की मृत्यु हुई है। इसमें दो पुलिसकर्मी शामिल हैं और तीन नागरिक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनका जान-माल का नुकसान हुआ है, उन लोगों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद व पलवल जिलों में भी कुछ छुट-पुट घटनाएं हुई थी, उन पर भी काबू पा लिया गया है। सभी जिलों में शांति स्थापित की गई है। एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लागू किया गया है और कुछ जिलो में धारा-144 लगाई गई है। सारी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
डीजीपी और सीआईडी चीफ ने डाला डेरा, केंद्र की 16 और हरियाणा की 30 कंपनियां पहुंचीं
घटना के बाद से डीजीपी पीके अग्रवाल और सीआईडी चीफ आलोक मित्तल ने नूंह में डेरा डाल लिया है। वहीं, केंद्र से मांगी गई 20 कंपनियों में से 16 कंपनियां मेवात पहुंच चुकी हैं। इसके साथ ही हरियाणा की 30 पुलिस कंपनियां मौके पर पहुंच गई हैं और आस-पास के जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल को यहां पर तैनात किया गया है। इसके अलावा, मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से भी मुख्य सचिव से प्रदेश के हालात को लेकर फीडबैक लिया।
शांति बहाली के लिए समाज के सभी लोग आगे आएं: मनोहर लाल
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जहां–जहां इस प्रकार की घटनाएं हुई हैं, सब लोग शांति बहाल करने के लिए आगे आएं। प्रशासन ने भी शांति कमेटी की बैठक की है और मैं आशा करता हूं कि लोग शांति बनाने में सहयोग करेंगे और आगे स्थिति न बिगड़े यह सुनिश्चित करेंगे।