अब इस तारीख तक हाउस टैक्स जमा कराएं, 40% छूट पाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाउस टैक्स पेयर्स के लिए बड़ी खबर। अगर आप 10 अक्तूबर तक टैक्स जमा कराएंगे तो 40 प्रतिशत छूट मिलेगी। अब तक सिर्फ 15 प्रतिशत लोगों ने ही हाउस टैक्स जमा करवाया है। इससे निगम को एक करोड़ 40 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं।
प्रशासन की ओर से सेल्फ असेसमेंट स्कीम के तहत खुद टैक्स जमा करवाने वालों को यह छूट दी जाएगी। नगर निगम के अनुसार 80 हजार हाउस टैक्स पेयर्स हैं, जिनमें से 12 हजार 127 लोग हाउस टैक्स जमा करवा चुके हैं।
प्रशासन ने 12 अगस्त को शहरवासियों पर हाउस टैक्स लगाया था। ऐसे में 40 प्रतिशत छूट लेने के लिए मात्र 21 दिन बचे हैं। प्रशासन का पहले साल 10 से 12 करोड़ रुपये हाउस टैक्स से इकट्ठा करने का टारगेट है। उधर कांग्रेस की ओर से हाउस टैक्स के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है।
किस समय तक कितनी मिलेगी छूट
10 अक्तूबर तक-------------------40 प्रतिशत
11 अक्तूबर से 9 दिसंबर तक--------30 प्रतिशत
10 दिसंबर से 8 फरवरी 2016 तक---20 प्रतिशत
यहां जमा करवाएं हाउस टैक्स
नगर निगम ने 50 हजार सेल्फ असेसमेंट स्कीम के तहत फार्म छपवाए हैं। जिसमें लोग ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की सभी शाखाओं के अलावा अपने नजदीकी ई संपर्क सेंटर में हाउस टैक्स जमा करवा सकते हैं। जो लोग 180 दिन तक हाउस टैक्स जमा नहीं करवाएंगे, उनसे 25 प्रतिशत अतिरिक्त हाउस टैक्स लिया जाएगा। जबकि 12 प्रतिशत ब्याज भी अलग से चार्ज किया जाएगा।
सिर्फ 4 से 5 लोगों ने आनलाइन जमा करवाया
नगर निगम की ओर से आनलाइन भी हाउस टैक्स की सुविधा दी है लेकिन अभी तक सिर्फ 4 से 5 लोगों ने ही आनलाइन हाउस टैक्स जमा करवाया है।
अब तक इकट्ठा हो चुका है 17.47 करोड़
कामर्शियल इमारतों पर लगे प्रॉपर्टी टैक्स से नगर निगम चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 17 करोड़ 47 लाख रुपये व्यापारियों से इकट्ठा कर चुका है। निगम के अनुसार 20 हजार व्यापारी हर साल प्रॉपर्टी टैक्स अदा करते हैं जिनमें से अब तक 13 हजार 496 व्यापारी प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा चुके हैं। लेकिन व्यापारियों को सिर्फ पहले दो माह में सेल्फ असेसमेंट स्कीम के तहत टैक्स जमा करवाने पर सिर्फ 10 प्रतिशत की छूट दी जाती है।
विभाग भी जमा करवा रहे हैं सर्विस चार्ज
सरकारी मकानों का भी सर्विस चार्ज जमा होना शुरू हो गया है। अभी संबंधित विभाग अपने सरकारी मकानों के हाउस टैक्स जमा करवा रहे हैं जिनके कर्मचारी सरकारी मकान में रहते हैं। सर्विस चार्ज का रेट हाउस टैक्स के मुकाबले में 75 प्रतिशत है।
अगले साल महंगा हो जाएगा
अगले साल अगर वर्तमान रेट भी चार्ज किया गया तो भी हाउस टैक्स महंगा हो जाएगा, क्योंकि इस साल ही लोगों में आदत डालने और ज्यादा विरोध न हो इसके लिए पहले दो माह में हाउस टैक्स जमा करवाने वालों को 40 प्रतिशत की छूट दी गई है।
हमारा विरोध जारी रहेगा
कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा का कहना है कि हाउस टैक्स के खिलाफ पार्टी का विरोध जारी रहेगा। उनकी पार्टी ने सदन में भी हाउस टैक्स का विरोध किया था जबकि शहर में हाउस टैक्स की जरूरत ही नहीं है क्योंकि नगर निगम के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। उनका आरोप है कि भाजपा ने प्रशासन से शहरवासियों पर हाउस टैक्स का बोझ जबरदस्ती डलवाया है।