ट्राइसिटी में घटा कोरोना संक्रमण: पंचकूला-मोहाली और चंडीगढ़ में 27 की मौत, 948 नए पॉजिटिव मिले
पंचकूला-मोहाली और चंडीगढ़ में कोरोना की रफ्तार मंद पड़ी है। ट्राइसिटी में पिछले 24 घंटे में 948 नए संक्रमित मिले हैं। 27 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। चंडीगढ़ में सर्वाधिक 14 मौतें हुई हैं। मोहाली में 13 मरीजों की जान गई है। पंचकूला में 28 दिन बाद कोई मौत नहीं हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्राइसिटी (पंचकूला-मोहाली और चंडीगढ़) में शुक्रवार को कोरोना से 27 मरीजों की मौत हो गई, वहीं 948 नए संक्रमित मिले। मृतकों में चंडीगढ़ के 14, मोहाली के 13 मरीज शामिल रहे, जबकि पंचकूला में राहत की खबर यह है कि 28 दिन बाद कोई मौत नहीं हुई। नए मरीजों में 406 चंडीगढ़, 336 मोहाली और 206 पंचकूला के हैं।
चंडीगढ़ में शुक्रवार को 790 मरीजों के स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण की रफ्तार घटने लगी है, लेकिन मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 3314 संदिग्धों की कोरोना जांच की, जिनमें से 104 की रिपोर्ट आना बाकी है। शहर में सक्रिय केसों की संख्या 5675 है। वहीं, अब तक 680 मरीजों की मौत हो चुकी है।
मनीमाजरा से सबसे ज्यादा 41 संक्रमित मरीज मिले। वहीं एक दिन में मनीमाजरा में दो मौत की पुष्टि भी हुई है। सेक्टर 8 से 10, सेक्टर 20 से 11, सेक्टर 22 से 12, सेक्टर 31 से 13, सेक्टर 30 से 11, सेक्टर 33 से 10, सेक्टर 38 से 11, सेक्टर 41 से 13, सेक्टर 45 से 11, सेक्टर 46 से 13, सेक्टर 52 से 11, ड्डूमाजरा से 10 और रामदरबार से 11 संक्रमित मरीज मिले हैं।
ये हारे कोरोना से जिंदगी की जंग
सेक्टर-29 निवासी 55, सेक्टर-45 की 50 व सेक्टर-45 निवासी 52 वर्षीय महिला, मनीमाजरा निवासी 57 और डड्डूमाजरा निवासी 51 वर्षीय पुरुष की पीजीआई में मौत हो गई। सेक्टर-19 निवासी 76 साल के वृद्ध और सेक्टर-16 की रहने वाली 83 वर्षीय वृद्धा की मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।
राम दरबार निवासी 85, सेक्टर-30 निवासी 80 वर्षीय वृद्ध, सेक्टर-21 निवासी 52 वर्षीय पुरुष, खुड्डा अलीशेर और सेक्टर-52 निवासी 58 वर्षीय दो महिलाओं की जीएमसीएच-32 में मौत हो गई। वहीं, मनीमाजरा निवासी 55 साल की महिला और सेक्टर-6 निवासी 85 वर्षीय वृद्धा की जीएमसीएच-16 में मौत हो गई। ये सभी कोरोना के साथ-साथ मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सांस की गंभीर बीमारी, किडनी, हृदय रोग, निमोनिया जैसे गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।
मोहाली में 13 लोगों ने दम तोड़ा
मोहाली में संक्रमण की दर घटने लगी है, कोरोना मरीजों की मौतों का आंकड़ा नहीं थम रहा है। शुक्रवार को 13 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 336 नए संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, 1003 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। उधर, जिले में अब तक 63612 केस सामने आए हैं। इनमें से 56376 मरीज ठीक हो चुके हैं। 6402 मरीज सक्रिय हैं, जबकि मौतों की संख्या 834 पर पहुंच गई है। वहीं, डिप्टी कमिश्नर गिरीश दियालन ने लोगों को ब्लैक फंगल के संक्रमण से बचाने के लिए निजी अस्पतालों के डॉक्टरों के साथ बैठक की। उन्होंने डॉक्टरों को सलाह दी कि ऐसे मरीजों में बीमारी का जल्द पता लगाने के लिए एंडोस्कोपिक जांच होनी चाहिए।
पंचकूला में 28 दिन बाद कोई मौत नहीं
पंचकूला में 28 दिन बाद पहली बार किसी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। शुक्रवार को 206 नए मरीज मिले हैं। इनमें 199 पंचकूला के हैं, जबकि अन्य जिलों व प्रदेशों के सात मामले शामिल हैं। संक्रमण का रिकवरी रेट भी अब 92.58 फीसदी पहुंच गया है। जिले में 1834 सक्रिय मामले हैं। सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि 24 अप्रैल 2021 को जिले में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई थी।