फेसबुक की दोस्ती पड़ी भारी, इंडोनेशिया में जींद का युवक बंधक, दे रहे अमानवीय यातनाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फेसबुक दोस्त से मिलने के लिए ढाठरथ गांव का रहने वाला 22 वर्षीय भीम सिंह उर्फ साहिल इंडोनेशिया तो पहुंच गया मगर वहां जाने के बाद वह फंस गया। सोशल मीडिया पर भीम सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों को उसके वहां फंसे होने का पता चला। भीम सिंह की मां राजबाला ने गांव के लोगों के साथ शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और भीम को सकुशल घर लाने की गुहार लगाई।
वहीं वायरल वीडियो में भीम सिंह ने दो लोगों द्वारा बंधक बनाने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि उसे यातनाएं दी जा रही हैं। उसके पैर में इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं और हाथों को ब्लेड से काट दिया गया है। इसके बाद से परिजन सकते में हैं। एसएसपी ऑफिस पहुंची भीम सिंह की मां राजबाला ने बताया कि उसका बेटा दो माह पहले टूरिस्ट वीजा पर इंडोनेशिया के सियांजुर शहर गया था।
जाने के कुछ दिन बाद तक उससे वीडियो कॉल पर बात भी होती रही लेकिन अचानक से वीडियो कॉल से बात बंद हो गई। करीब एक महीने से सिर्फ मैसेज के जरिये ही बात हो पा रही हैं। भीम सिंह की मां ने कहा कि उसके बेटे को इंडोनेशिया में बंधक बनाया गया है। उसके हाथ व पैर पर ब्लेड से चीरे लगाए गए हैं। राजबाला के अनुसार बंधक बनाने वाले लोग भीम सिंह का गुप्तांग काटकर धर्म परिवर्तन की धमकी दे रहे हैं।
इंडोनेशिया की एक युवती से होती थी फेसबुक पर चैटिंग
भीम सिंह की मां राजबाला के अनुसार इससे पहले भी भीम सिंह एक साल तक मलेशिया में रहने के बाद आया था। यहां आने के बाद वह फेसबुक पर अलीशा नामक युवती से चैटिंग करता था। भीम सिंह ने कहा था कि वह इंडोनेशिया जाएगा और अलीशा से शादी करेगा। भीम सिंह ने वहीं काम करने की बात भी कही थी।
एक महीने पहले हुई थी बात
राजबाला के अनुसार भीम सिंह से उनकी अंतिम बार बात 22 जुलाई को हुई थी। तब उसने 23 जुलाई को इंडोनेशिया से रवाना होने की बात कही थी। इसके बाद से सिर्फ मैसेज के जरिये ही संपर्क हो पा रहा है। जब उन लोगों ने इंतजार करने के बाद फोन किया तो भीम सिंह का मैसेज आया कि वह आ रहा है और रास्ते में है।
इस दौरान वह कभी रांची तो कभी दिल्ली होने की बात कहता रहा। इसके बाद भीम सिंह ने 31 अगस्त को वापस आने की बात कही थी। अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से उन्हें हकीकत का पता चला है। भीम ने कहा है कि उसे दो लोगों ने बंधक बनाया है।
कैंसर पीड़ित की मदद के नाम पर हुआ संपर्क
वायरल वीडियो में बताया जा रहा है कि भीम सिंह का संपर्क इंडोनेशिया की युवती से कैंसर पीड़ित एक बच्चे के इलाज के नाम पर हुआ। इसके बाद भीम और लड़की चैटिंग होती रही। बच्चे के इलाज के लिए भीम सिंह को इंडोनेशिया बुला लिया गया। जब वह इंडोनेशिया पहुंचा तो उसे वहां पर बंधक बना लिया गया।
घर रख दिया गिरवी
राजबाला के अनुसार इंडोनेशिया जाने से पहले भीम सिंह घर से दो लाख रुपये लेकर गया था। इसके बाद उसके मैसेज आते रहे और हम उसे पैसे भेजते रहे। थोड़े-थोड़े करके करीब चार लाख रुपये और भेज चुके हैं। राजबाला के अनुसार वह विधवा है और भीम सिंह के अलावा एक बेटा व एक बेटी है। ऐसे में भीम सिंह तक पैसे पहुंचाने के लिए उसने अपना घर भी गिरवी रख दिया है। वहीं अधिकारियों ने विदेश मंत्रालय से संपर्क कर जल्द ही भीम सिंह की रिहाई करवाने का आश्वासन दिया है।