हरियाणा का बजट: प्रदेश में लगेंगे 200 रोजगार मेले, एक लाख युवाओं को प्रशिक्षण और नौकरी दिलाने का लक्ष्य
हरियाणा सरकार युवाओं को फ्लाइंग का प्रशिक्षण देने के लिए ‘क्रेडिट गारंटी योजना’ आरंभ करेगी। करनाल व भिवानी हवाई पट्टियों की लंबाई 3,000 फुट से बढ़ाकर 5,000 फुट करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के आम बजट में निजी क्षेत्रों में रोजगार के लिए 200 मेले लगाए जाएंगे। साथ ही युवाओं को विदेशों में प्लेसमेंट कराने के लिए हरियाणा विदेश रोजगार प्लेसमेंट सेल स्थापित की जाएगी। हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि आगामी दो साल में इस सेल के माध्मय से एक लाख से अधिक युवाओं का प्रशिक्षण और प्लेसमेंट कराया जाएगा।
बजट में प्रावधान किया है कि विदेश में नौकरी तलाशने वाले युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं विकास तंत्र तैयार किया जाएगा। इसके लिए नव स्थापित विदेश सहयोग विभाग में हरियाणा विदेश रोजगार प्लेसमेंट सेल स्थापित होगी। यह सेल उन युवाओं को प्रशिक्षित कराएगी जो विदेश में काम करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से बेरोजगार युवाओं की असली संख्या सामने आई है। सरकार ऐसे युवाओं को उद्यमी और रोजगार योग्य बनाने के लिए रणनीति बना रही है। रोजगार पोर्टल पर 14574 कर्मचारियों और 27 जॉब एग्रीगेटर्स को जोड़ा गया है।
औद्योगिक क्षेत्रों में 1000 करोड़ से होगा बिजली सुधार
औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली निगम इस साल एक हजार करोड़ रुपये से बुनियादी ढांचे में सुधार करेगा। साथ ही हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) के माध्यम से उद्योगों के लिए टाइम डिफरेंसियेटिड टैरिफ (टीओ टैरिफ) लागू करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि बिजली की बेहतर उपलब्धता के समय उद्योगों द्वारा बिजली के उपयोग को परिवर्तित किया जा सके। जगमग योजना के तहत इस साल हरियाणा के सभी गांवों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।
अब तक 5569 गांव इस योजना में शामिल हो चुके हैं और यहां 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है। बजट में हरियाणा विद्युत प्रसारण लिमिटेड ने 181 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्रों को विकसित करने की योजना है। सरकार ने यह भी फैसला लिया है कि 31 दिसंबर 2018 तक प्राप्त सभी लंबित आवेदनों को नलकूप कनेक्शन जारी किए जाएंगे। अब तक 21 हजार से अधिक किसानों को कनेक्शन दिए जा चुके हैं। 39 नए सब स्टेशन का निर्माण और 178 सब स्टेशों की क्षमता बढ़ाने का कार्य पहले ही चल रहा है।
युवाओं को फ्लाइंग प्रशिक्षण देने को क्रेडिट योजना
राज्य सरकार युवाओं को फ्लाइंग का प्रशिक्षण देने के लिए ‘क्रेडिट गारंटी योजना’ आरंभ करेगी। करनाल व भिवानी हवाई पट्टियों की लंबाई 3,000 फुट से बढ़ाकर 5,000 फुट करेगी। यही नहीं करनाल, भिवानी व नारनौल में हवाई पट्टियों पर ‘नाइट लैडिंग’ की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
बजट में सरकारी नौकरियों का जिक्र तक नहीं: श्वेता ढुल
सामाजिक कार्यकर्ता श्वेता ढुल ने कहा कि इस समय हरियाणा में बढ़ती महंगाई दर सबसे बड़ा मुद्दा है लेकिन बजट में रोजगार को अधिक तवज्जो नहीं दी। न ही यह स्पष्ट किया गया कि 200 रोजगार मेलों में कितने युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाएगी। दूसरा, पक्की भर्ती को लेकर भी सरकार ने कोई स्थिति स्पष्ट नहीं की है कि साल में कितनी भर्तियां होंगी। बजट से युवाओं को निराशा ही हाथ लगी है।