हरियाणा : रेवाड़ी और झज्जर में 86 छात्र कोरोना संक्रमित मिले, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच कोरोना ने स्कूलों में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को रेवाड़ी और झज्जर जिले में 86 स्कूली बच्चे संक्रमित मिले। इनमें रेवाड़ी जिले के नौ स्कूलों में 81 और झज्जर जिले के पांच स्कूलों में पांच विद्यार्थी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों जिलों के 10 शिक्षक भी संक्रमित मिले हैं, इनमें 9 रेवाड़ी के हैं। वहीं, सोमवार को भी झज्जर और जींद में 4-4 बच्चे संक्रमित मिले थे।
झज्जर में पिछले एक सप्ताह में 15 विद्यार्थी संक्रमित पाए जा चुके हैं। जिला नोडल अधिकारी डॉ. रणवीर सिंह ने बताया कि स्कूल और कॉलेज खुलने के बाद सैंपलिंग बढ़ाई गई है। जबकि डाबला गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद कक्षाएं बंद कर दी गई थीं। उधर, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 25 संक्रमितों की मौत हो गई। साथ ही 2450 नए मरीज सामने आए और 2614 संक्रमित ठीक भी हुए हैं।
हरियाणा सरकार ने राज्य में 9वीं से 12वीं तक के स्कूल खोलने के निर्देश जारी किए थे। हालांकि शुरुआत में सिर्फ परामर्श के लिए बच्चे स्कूल आ रहे थे। वहीं कुछ स्कूलों में अभिभावकों की मंजूरी के बाद दो नवंबर से विद्यार्थी नियमित आ रहे हैं। रेवाड़ी जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 11 नवंबर को 13 स्कूलों से कुल 837 सैंपल लिए थे। इनमें से 9 स्कूलों की जांच रिपोर्ट आ चुकी हैं।
चार स्कूलों से लिए गए 227 सैंपल की रिपोर्ट आनी है। इनमें सबसे ज्यादा गांव तुर्कियावास स्कूल के 50 में से 23 विद्यार्थी संक्रमित मिले हैं। जीएस कुंड के 19 छात्र पॉजिटिव हैं। 13 स्कूलों में रेवाड़ी के दो बड़े निजी स्कूल भी हैं।
इनमें एक निजी स्कूल के 30 में से 8 और दूसरे स्कूल के 60 में से 12 विद्यार्थी पॉजिटिव मिले हैं। उधर, झज्जर जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बहादुरगढ़ के सेक्टर-2 में महिला शिक्षक व छात्रा, बहादुरगढ़ के सेक्टर 7, ओमेक्स सिटी, रईया और खेड़का गुज्जर में विद्यार्थी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
किस स्कूल में कितने संक्रमित
-
स्कूल संक्रमित
-
जीएस कुंड 19
-
तुर्कियावास 23
-
जीएस आशियाकी पांचोर 02
-
जीएस श्योराज माजरा 02
-
जीएस मसानी 06
-
आरपीएस 08
-
यूरो इंटरनेशनल 12
-
पाली 09
रिपोर्ट आने के बाद एहतियात के तौर पर स्कूल तीन दिनों के लिए बंद किए जा रहे हैं। संपर्क में आए सभी विद्यार्थियों और परिजनों की भी कोरोना जांच कराई जाएगी। कुंड स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक ही गांव पाडला के विद्यार्थी पॉजिटिव मिले हैं। जीएस पाली में भी नौ विद्यार्थी संक्रमित मिले हैं। गोठड़ा टप्पा डहीना में नौ शिक्षकों सहित 10 लोग संक्रमित पाए गए हैं। - महेंद्र खनगवाल, खंड शिक्षा अधिकारी
बच्चों में नहीं थे कोई लक्षण: नोडल अधिकारी
जिले के स्कूलों में रैंडम सैंपलिंग करवाई गई थी। जो बच्चे संक्रमित मिले हैं उनमें से 99 फीसदी में कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं था। अब सभी स्कूलों में बच्चों और स्टाफ के सैंपल लिए जाएंगे। जहां पर भी कोई संक्रमित मिलता है तो उसके परिजनों और उनके संपर्क में आने वालों का भी टेस्ट करवाया जाएगा। - डॉ. विजय प्रकाश, जिला नोडल अधिकारी
दो दिन से नए संक्रमितों से ज्यादा ठीक हुए मरीज
प्रदेश में पिछले दो दिनों से संक्रमित मरीजों की रिकवरी दर थोड़ी सुधरी है। नए संक्रमितों से ज्यादा पुराने मरीज ठीक हुए हैं। 24 घंटे में 2450 नए संक्रमित मरीज सामने आए और 2614 मरीज ठीक हुए। वहीं, गुरुग्राम में तीन, फरीदाबाद में चार, हिसार में पांच, अंबाला में एक, करनाल में एक, पानीपत में तीन, रोहतक में छह, कुरुक्षेत्र में एक व फतेहाबाद में एक मरीज की मौत संक्रमण से हुई है।
19153 मरीज अभी भी संक्रमित
हरियाणा में अब संक्रमितों की संख्या 204477 हो गई है, इनमें से 183261 मरीज ठीक हो गए हैं। 19153 मरीज अभी भी वायरसग्रस्त हैं। रिकवरी दर 89.62 प्रतिशत पहुंच गई है। संक्रमण की दर 6.78 प्रतिशत है।
संक्रमण से मृत्यु दर 1.01 प्रतिशत है। प्रदेश में स्वास्थ्य महकमे ने 225819 मरीजों को मेडिकल सर्विलांस के दायरे में रखा है। 3720 संदिग्ध मरीजों की सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है। प्रदेश में अब तक इस संक्रमण से 2063 मरीज दम तोड़ चुके हैं।
यहां मिले नए संक्रमित
हरियाणा में पिछले 24 घंटे में गुरुग्राम में 588, फरीदाबाद में 756, सोनीपत में 79, हिसार में 268, अंबाला में 82, करनाल में 70, पानीपत में 25, रोहतक में 79, रेवाड़ी में 52, पंचकूला में 83, कुरुक्षेत्र में 20, यमुनानगर में 22, सिरसा में 56, महेंद्रगढ़ में 28, भिवानी में 37, झज्जर में 60, पलवल में 20, फतेहाबाद में 22, कैथल में 17, जींद में 62, नूहं में 1 व चरखी दादरी में 23 नए मरीज सामने आए हैं।
प्रदेश में अब तक संक्रमितों का आंकड़ा
- शहर संक्रमित ठीक हुए
- गुरुग्राम 40535 34843
- फरीदाबाद 33637 29597
- सोनीपत 11617 10739
- हिसार 13541 11443
- अंबाला 9594 9199
- करनाल 8950 8445
- पानीपत 8655 8064
- रोहतक 9464 8241
- रेवाड़ी 9229 8475
- पंचकूला 8022 7440
- कुरुक्षेत्र 7205 6762
- यमुनानगर 5349 5080
- सिरसा 6620 5935
- महेंद्रगढ़ 5925 5434
- भिवानी 4984 4421
- झज्जर 4505 4050
- पलवल 3685 3579
- फतेहाबाद 3816 3259
- कैथल 3188 3052
- जींद 3387 2892
- नूंह 1387 1327
- चरखीदादरी 1182 984
कोविड से निपटने के लिए बन रही रणनीति
हरियाणा सरकार दिवाली के बाद कोरोना के मामले अचानक बढ़ने पर सतर्क हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली के बाद एनसीआर के जिलों में बढ़ रहे कोविड-19 के प्रभाव से प्रदेश को सुरक्षित रखने के लिए उचित कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस बारे में पुख्ता रणनीति बनाई जा रही है।
सरकार किसी भी सूरत में कोरोना की दूसरी लहर से बचना चाहती है। इसे देखते हुए सभी सिविल सर्जनों को कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए उचित कार्रवाई करने को कहा गया है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचने के लिए नियमों का पालन करें। एनसीआर में कोरोना पर अंकुश के लिए काम कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने कहा कि एनसीआर में कोरोना के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिए काम कर रहे हैं। मास्क पहनने के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग व सैनिटाइजेशन पर और जोर दिया जाएगा। जिलों में एंटीजन टेस्ट किट की कोई कमी नहीं है।
त्योहार के दिनों में टेस्ट कम हुए। इसका अर्थ यह नहीं कि टेस्ट किट खत्म हो गई हैं या कम हैं। हरियाणा सरकार के पास पर्याप्त टेस्ट किट व सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हैं। अरोड़ा ने कहा कि कोरोना के मामलों में कमी लाने के लिए हर तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। जनसहयोग भी जरूरी है।