हरियाणा में 19 आईएएस अफसरों का तबादला, वर्णिका के पिता वीएस कुंडू का 32वां ट्रांसफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा सरकार ने अफसरशाही में बड़ा फेरबदल किया है। गुरुवार शाम सरकार ने 19 वरिष्ठ आईएएस और एक एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला के मामले को लेकर चर्चा में रही वर्णिका कुंडू के आईएएस पिता वीएस कुंडू का सरकार ने एक और तबादला कर दिया है।
1986 बैच के आईएएस कुंडू का 32 साल के कार्यकाल में यह 32वां तबादला है। इससे पहले सरकार ने उन्हें बीते वर्ष सितंबर में विज्ञान एवं तकनीक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर लगाया था। गुरुवार को हुए तबादलों में वरिंद्र सिंह कुंडू को खुड्डेलाइन पोस्टिंग देते हुए लेखन एवं मुद्रण विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगा दिया। इसके अलावा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक पद से आईएएस जे गणेशन की छुट्टी कर दी गई है, अब डी सुरेश मुख्य प्रशासक होंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का जिम्मा एक बार फिर पीके दास को सौंपा गया है। पहले दास के स्कूल शिक्षा सचिव रहते ही ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी बनी थी। इसके अलावा शिक्षा में सुधार के लिए भी दास ने अनेक कदम उठाए। एचआरएमएस सहित अनेक पोर्टल शुरू कराने का श्रेय भी दास को जाता है। दास को विभाग का जिम्मा दोबारा मिलने पर शिक्षक संगठनों ने खुशी जताई है।
अभी आईएएस धीरा खंडेलवाल के पास स्कूल शिक्षा विभाग का जिम्मा था। बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रणब किशोर दास स्कूल शिक्षा के अलावा खनन एवं भू-विज्ञान विभाग का कार्यभार भी देखेंगे। नागरिक उड्डयन, पर्यावरण एवं पर्यावरण विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह से पर्यावरण विभाग लेकर धीरा खंडेलवाल को दिया गया है।
देवेंद्र सिंह को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। इसी तरह कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण टीसी गुप्ता से लेकर देवेंद्र सिंह को दिया गया, जबकि टीसी गुप्ता को ऊर्जा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई। कौशल विकास सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, ऐसे में देवेंद्र सिंह का कद और बढ़ा है। ऊर्जा विभाग सीएम के पास है, ऐसे में गुप्ता सीएम के और करीब आ गए हैं। पहले से उनके पास मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन से संबंधित कार्य हैं।
किसे कहां लगाया गया
. आईएएस अमित झा को विज्ञान एवं तकनीक विभाग के एसीएस का अतिरिक्त जिम्मा।
. राजीव अरोड़ा को हरियाणा भवन, नई दिल्ली का मुख्य आवास आयुक्त और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया।
. शहरी स्थानीय विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का अतिरिक्त कार्यभार।
. हिसार मंडल के आयुक्त विनीत गर्ग को हरियाणा पावर जनरेशन कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और करनाल का मंडलायुक्त लगाया।
. पंकज यादव को रोहतक व हिसार का मंडलायुक्त लगाया गया।
. नितिन कुमार यादव को वर्तमान कार्यभार के अलावा विजिलेंस हरियाणा के जांच अधिकारी का जिम्मा।
. मोहम्मद शाईन गुरुग्राम के मंडलायुक्त लगाए।
. सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार जगदीप सिंह को वित्त विभाग का विशेष सचिव लगाया।
. जे. गणेशन हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक नियुक्त।
. फरीदाबाद के डीसी अतुल कुमार को वर्तमान कार्यभार के अलावा फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त का जिम्मा।
. राजीव रतन को विज्ञान एवं तकनीक विभाग के निदेशक का जिम्मा।
. अनीश यादव को वर्तमान कार्यभार के अलावा अतिरिक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त लगाया।
. मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष सचिव एचसीएस यशेंद्र सिंह को वर्तमान कार्यभार के अलावा सहकारी समितियों का रजिस्ट्रार नियुक्त किया।