चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी में 100 बेड का कोविड अस्पताल शुरू, सेना ने किया तैयार
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में बनाए गए इस 100 बेड के अस्पताल में कोरोना के कम गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच एक राहत की खबर आई है। पंजाब यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल हॉस्टल में 100 बेड का कोविड अस्पताल शुरू हो गया है। चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने सोमवार को इस अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अस्पताल को भारतीय सेना के वेस्टर्न कमांड की तरफ से तैयार किया गया है।
भारतीय सेना चंडीगढ़ समेत दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में ऐसे कई अस्पताल बना रही है, इसे ऑपरेशन नमस्ते का नाम दिया गया है। चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में बनाए गए इस 100 बेड के अस्पताल में कोरोना के कम गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। यहां मरीज जीएमसीएच 32 और जीएमएसएच 16 से रेफर किए जाएंगे।
इस अस्पताल में भारतीय सेना के द्वारा ही प्रशिक्षित किया गया स्टाफ रखा गया है। यह सभी भारतीय सेना के जवान है, जो इस अस्पताल के सामने हॉस्टल में ही रहेंगे और यहां पर अपनी सेवाएं देंगे। कर्नल जगदीप संधू ने बताया कि अब यहां मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया जाएगा। ये अस्पताल 5 मई से ही शुरू होना था, लेकिन ऑक्सीजन की समस्या की वजह से इसमें देरी हो गई है।
चंडीगढ़ में तेजी से बढ़ रहे संक्रमण के केस
रविवार को 24 घंटे में अब तक सबसे ज्यादा 895 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। वहीं 10 लोगों की मौत हो गई। राहत की बात यह है कि एकांतवास में रखे गए 879 मरीजों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 3941 लोगों की कोरोना की जांच की। इनमें से 895 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 195 की रिपोर्ट आनी बाकी है। शहर में सक्रिय केसों की संख्या 8511 पर पहुंच गई है। वहीं, अब तक 568 मरीजों की मौत हो चुकी है। इससे पहले 3 मई और 7 मई को 890 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।
सेक्टर-45 व ईएसआई में कोविड वार्ड तैयार
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए ईएसआई व सेक्टर-45 सिविल अस्पताल में क्रमश: 15 व 30 बेड के कोविड वार्ड तैयार किए जा चुके हैं। रविवार से वहां मरीजों को भर्ती भी किया जाना था, लेकिन अन्य अस्पतालों से डिस्चार्ज होने वाले कोविड के मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण ऐसी नौबत नहीं आई।