Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   Senco Gold Robbery case bihar jewellery showroom robbery timeline bihar crime news

बिहार लूटकांड: तीन बड़े शहर, करोड़ों की लूट और एक जैसा तरीका; कब-कब हुईं ऐसी वारदातें? जानें पूरी टाइमलाइन

Thu, 19 Nov 2026 02:30 AM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पश्चिम चंपारण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पश्चिम चंपारण Published by: प्रतीक कुमार पाण्डेय Updated Thu, 19 Nov 2026 02:30 AM IST
सार

बिहार के बेतिया में अपराधियों ने करोड़ों की लूट को अंजाम दिया। ग्राहक बनकर सैनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में घुसे बदमाशों ने महज कुछ मिनटों में 30 से 40 करोड़ रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया और बेखौफ होकर फरार हो गए। यह कोई पहली घटना नहीं है, जब बिहार में अपराधियों ने दिनदहाड़े इस तरह करोड़ों की लूट को अंजाम दिया हो। इससे पहले पटना, पूर्णिया और आरा में भी ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाकर बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। आइए, एक-एक कर जानते हैं बिहार में कब और कहां अपराधियों ने ऐसी बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम दिया...
 

विज्ञापन
Senco Gold Robbery case bihar jewellery showroom robbery timeline bihar crime news
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार में ज्वेलरी की दुकानें हमेशा से अपराधियों के निशाने पर रही हैं। 18 नवंबर को बेतिया के सैनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में हुई घटना कोई पहली बड़ी वारदात नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में बिहार के अलग-अलग शहरों में ज्वेलरी शोरूम के भीतर लूटपाट की वारदातें हुई हैं। इन घटनाओं में अपराधियों का तरीका लगभग एक जैसा रहा है। ग्राहक बनकर शोरूम में घुसना, हथियारों के बल पर लोगों को बंधक बनाना और मिनटों में करोड़ों के गहने लूटकर फरार होना। इन वारदातों से यह भी साफ हो गया है कि अपराधियों के निशाने पर अब छोटी-मोटी दुकानें ही नहीं, बल्कि बड़े और प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम भी हैं। 
विज्ञापन


विज्ञापन

बेतिया में लूट ले गए 30 से 40 करोड़ रुपये के गहने
पश्चिम चंपारण के बेतिया में 18 नवंबर 2026 को सैनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में बड़ी लूट हुई। दोपहर करीब 12:30 बजे तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हथियारबंद बदमाश शोरूम पहुंचे। उन्होंने हथियारों के बल पर कर्मचारियों और ग्राहकों को काबू कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए। लुटेरों ने शोकेस और तिजोरियों से सोने, चांदी और हीरे के आभूषण समेट लिए। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई। करीब 20 मिनट तक बदमाश शोरूम में रहे और फिर करोड़ों के गहने लेकर फरार हो गए। 
विज्ञापन
विज्ञापन




धमकाते हुए कहा- हम फिर आएंगे
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है। हालांकि पुलिस ने वास्तविक रकम का आकलन जल्द जारी होने की बात कही है। चंपारण रेंज के डीआईजी ने बताया कि शोरूम में उपलब्ध स्टॉक का मिलान कर वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। इसलिए अंतिम नुकसान की पुष्टि जांच और स्टॉक मिलान के बाद ही होगी। एक महिला ग्राहक के अनुसार, जाते समय एक बदमाश ने कहा, ‘हम फिर आएंगे, यह एक फिल्म है।’

अब बताते हैं ऐसा इसके पहले कब-कब हुआ है… 

आरा के तनिष्क शोरूम में 25 करोड़ की लूट
10 मार्च 2025 को भोजपुर जिले के आरा में तनिष्क शोरूम को निशाना बनाया गया था। सुबह करीब 10:30 बजे पांच से छह हथियारबंद बदमाश ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुए। उनके हाथों में पिस्तौलें थीं और चेहरों पर मास्क या हेलमेट थे। अंदर घुसते ही उन्होंने सुरक्षा गार्ड पर हमला कर उसकी राइफल छीन ली। इसके बाद कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों की नोक पर एक जगह खड़ा कर दिया गया। शोरूम मैनेजर के अनुसार, करीब 25 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे गए। वारदात के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए, जिनके पास से लूटे गए गहनों के बैग बरामद हुए। 



पूरी खबर यहां पढ़ें: तनिष्क के ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े डकैती, सोने-चांदी और हीरे के जेवरात लूट कर भागे बदमाश

पटना में डीजीपी आवास के पास 100 सेकंड में लूटे लाखों के गहने
राजधानी पटना में 9 नवंबर 2024 की शाम कंकड़बाग स्थित तनिष्क शोरूम में चार बदमाश पहुंचे। यह वारदात पुलिस मुख्यालय के बेहद नजदीक हुई थी। शोरूम के गार्ड ने उन्हें ग्राहक समझकर अंदर आने दिया, लेकिन अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने पिस्तौल निकाल ली। लुटेरों ने सबसे पहले कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिए और फिर हीरे के आभूषण और नकदी समेट ली। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, पूरी वारदात में करीब एक मिनट 40 सेकंड लगे। बदमाश लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। 



पूरी खबर यहां पढ़ें: राजधानी के पॉश एरिया में लूट, ज्वेलरी शो रूम से 1:40 मिनट में लूट लिए साढ़े 3 लाख की ज्वेलरी

पूर्णिया में 22 कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूटे करोड़ों के गहने
26 जुलाई 2024 को पूर्णिया के लाइन बाजार इलाके में स्थित तनिष्क शोरूम में एक बड़ी लूट हुई थी। कम से कम छह हथियारबंद बदमाश ग्राहक बनकर अंदर दाखिल हुए। कुछ देर बाद उन्होंने हथियार निकालकर कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को काबू कर लिया। शोरूम में मौजूद करीब 22 कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए गए और सभी को एक कमरे में बंद कर दिया गया। बदमाश करीब 20 मिनट तक शोरूम में रहे और सोने तथा हीरे के गहने लेकर फरार हो गए। जांच से जुड़ी रिपोर्टों में लूटे गए आभूषणों की कीमत 3.70 करोड़ रुपये बताई गई। इस मामले में पुलिसिया जांच के दौरान सुबोध सिंह गिरोह का नाम सामने आया था।



पूरी खबर यहां पढ़ें: तनिष्क शोरूम में लूट, कर्मचारी कह रहे 20 करोड़, पुलिस दो-तीन करोड़ जोड़ रही; पूरा माजरा समझें

प्रिंस कुमार उर्फ अभिजीत: संगठित अपराध का बड़ा चेहरा
प्रिंस कुमार उर्फ अभिजीत का जुड़ाव देश के सबसे बड़े ज्वेलरी लूट नेटवर्क में से एक से था। इस नेटवर्क का सरगना सुबोध सिंह था, जिसे देश के कई राज्यों में ज्वेलरी शोरूम से 300 किलो से अधिक सोना लूटने वाली वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता है। सुबोध सिंह के गिरोह ने बड़े और प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाकर कई सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया था। 

इसी गिरोह में प्रिंस धीरे-धीरे सुबोध का सबसे भरोसेमंद आदमी बन गया। पूर्णिया के तनिष्क शोरूम में हुई करोड़ों की लूट में भी प्रिंस की अहम भूमिका सामने आई थी। बताया जाता है कि इस वारदात की पूरी रेकी, रणनीति तैयार करने और लूट को अंजाम देने तक की जिम्मेदारी प्रिंस ने ही संभाली थी। वह गिरोह के लिए सिर्फ एक शूटर नहीं, बल्कि वारदातों की योजना बनाने वाला अहम चेहरा बन चुका था।


यह भी पढ़ें: अब 30वां या सातवां नंबर किसका? बिहार में कैसे अपराध के लिए पुलिस ऑन स्पॉट कैसी सजा दे रही

प्रिंस कुमार उर्फ अभिजीत पर लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 30 से अधिक मामले दर्ज थे। पुलिस उसे सुबोध सिंह गिरोह से जुड़ा अपराधी बताती थी। सितंबर 2025 में पीएमसीएच में इलाज के दौरान वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, वह पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी के बहाने ले जाकर कमरे में बंद कर भाग निकला। छह फरवरी 2026 को बिहार एसटीएफ और वैशाली पुलिस ने उसे हनुमान नगर में घेर लिया। मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया था।

ज्वेलरी शोरूम क्यों बन रहे अपराधियों का आसान निशाना?
सोना और हीरे के आभूषण कम जगह में बड़ी कीमत रखते हैं। बड़े शोरूम में कुछ ही मिनटों में करोड़ों के गहने लूटे जा सकते हैं। अपराधियों को कई बार शोरूम की आंतरिक व्यवस्था, कर्मचारियों की दिनचर्या और माल रखने की जगहों की जानकारी भी होती है।

इन वारदातों में एक जैसी कार्यशैली दिखती है। बदमाश ग्राहक बनकर घुसते हैं, हथियारों के बल पर कर्मचारियों और गार्ड को बंधक बनाते हैं। मोबाइल छीनकर या लोगों को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना देने में देरी करते हैं। इसके बाद गहने समेटकर बाइक से फरार हो जाते हैं।

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
ज्वेलरी शोरूम की सुरक्षा के लिए गार्ड और सीसीटीवी पर्याप्त नहीं हैं। आपातकालीन अलार्म, कर्मचारियों का प्रशिक्षण और पुलिस की नियमित गश्त जरूरी है। इसके साथ ही लूटे गए आभूषणों को बाजार में खपाने वाले नेटवर्क की पहचान करना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

पूर्णिया और आरा की घटनाओं में पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने और लूट का कुछ माल बरामद करने में कामयाबी हासिल की। प्रिंस कुमार जैसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। लेकिन बेतिया की ताजा वारदात बताती है कि बड़े शोरूम अब भी हथियारबंद गिरोहों के निशाने पर हैं। अब जांच के सामने अहम सवाल हैं। बेतिया के बदमाशों ने शोरूम की रेकी कैसे की? उन्हें महंगे आभूषणों की जानकारी कहां से मिली? इन सवालों के जवाब ही बता पाएंगे कि बिहार में ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाने वाले गिरोहों के नेटवर्क की पहुंच कितनी दूर तक है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed