बिहार: नालंदा में 20 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पांच महीने के बच्चे को छोड़ फरार हुआ ससुराल पक्ष
नालंदा के हिलसा थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय नवविवाहिता तनु कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना और गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं।
विस्तार
नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के होरील बीघा गांव में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी नीतीश कुमार की पत्नी तनु कुमारी के रूप में हुई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, उसके नाम पर स्वयं सहायता समूह से लोन लेने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद ससुराल परिवार के सभी सदस्य पांच महीने के मासूम बच्चे को घर पर छोड़कर फरार हो गए।
क्या है पूरा मामला?
मृतका तनु कुमारी का मायका नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के परथु गांव में है। उसके पिता का नाम महादेव बिंद है। परिजनों के अनुसार, 5 अप्रैल 2025 को तनु की शादी होरील बीघा गांव निवासी नीतीश कुमार से हुई थी। दोनों का पांच महीने का एक बेटा है। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्य दहेज में पैसों की मांग को लेकर तनु को प्रताड़ित करते थे। उस पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाया जाता था।
रात डेढ़ बजे ससुर ने फोन कर दी फांसी लगाने की सूचना
मृतका के मामा लक्ष्मण कुमार ने बताया कि रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच तनु के ससुर ने फोन कर सूचना दी कि उसने फांसी लगा ली है। जब मायके वालों ने घटना का कारण पूछा तो ससुर ने बताया कि रात में सभी ने ठीक से खाना खाया था और पति-पत्नी एक ही कमरे में थे। बाद में तनु को फंदे से लटका हुआ देखा गया। सूचना मिलने के बाद मायके वाले आनन-फानन में होरील बीघा पहुंचे। वहां तनु का शव घर के आंगन में पड़ा मिला। आरोप है कि तब तक ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो चुके थे। घर में केवल पांच महीने का मासूम बच्चा मौजूद था।
पढे़ं: आठ हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलर्स में मचाया आतंक; जाते-जाते बोले- फिर आएंगे
गले पर निशान, समूह से लोन लेने का भी आरोप
मृतका के मामा लक्ष्मण कुमार ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि तनु के गले पर स्पष्ट निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाते थे। मामा के मुताबिक, ससुराल वालों ने तनु के नाम पर स्वयं सहायता समूह से एक-दो लोन भी लिए थे। आरोप है कि लोन की रकम उन्होंने खुद रख ली थी। मायके वालों ने इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर तनु की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही हिलसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नवविवाहिता की ओर से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है, जबकि मायके पक्ष के लोग इसे दहेज हत्या बता रहे हैं। फिलहाल ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। मौके पर विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
