Bihar News: प्रार्थना के दौरान छात्र की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान हुई मौत; पुलिस जांच में जुटी
Bihar: चौक थाना अध्यक्ष दुष्यंत कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद विद्यालय में छात्रों और अभिभावकों में शोक की लहर है।
विस्तार
राजधानी के पटना सिटी स्थित चौक थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय, पटना सिटी परिसर में सोमवार को चेतना सत्र (प्रार्थना) के दौरान छठी कक्षा के छात्र साहिल कुमार (पिता — टिंकू कुमार साहनी) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि प्रार्थना समाप्त होने के बाद छात्र जैसे ही अपनी कक्षा में जाने लगा, उसी दौरान उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। विद्यालय प्रशासन ने आनन-फानन में साहिल को इलाज के लिए एनएमसीएच पटना पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
पढ़ें: छपरा में हथियारबंद अपराधियों ने मोबाइल दुकान में की लूट, भागने के दौरान एक पकड़ा गया
विद्यालय के प्रधानाध्यापक चितरंजन कुमार ने बताया कि साहिल चेतना सत्र में अन्य बच्चों के साथ मौजूद था। प्रार्थना समाप्त होते ही सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में जा रहे थे, तभी साहिल अचानक गिर पड़ा। शिक्षक उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके। मृतक छात्र पटना सिटी के कर्मवीर क्षेत्र का रहने वाला था। उसके पिता टिंकू कुमार साहनी सब्जी विक्रेता हैं। फिलहाल पुलिस बच्चे की मौत के कारणों की जांच कर रही है। चौक थाना अध्यक्ष दुष्यंत कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद विद्यालय में छात्रों और अभिभावकों में शोक की लहर है।