{"_id":"67ee404747db76b15d0a9083","slug":"bihar-news-nalanda-people-opened-gate-closed-by-railway-demand-for-construction-of-underpass-2025-04-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: रेलवे की ओर से बंद किए गए फाटक को लोगों ने खोला, अंडर पास बनाने की मांग, 30 हजार की आबादी प्रभावित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: रेलवे की ओर से बंद किए गए फाटक को लोगों ने खोला, अंडर पास बनाने की मांग, 30 हजार की आबादी प्रभावित
Thu, 03 Apr 2025 01:31 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
Published by: अरविंद कुमार
Updated Thu, 03 Apr 2025 01:31 PM IST
सार
Pavapuri Railway Overbridge: सुबह जब स्थानीय लोगों की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि सड़क पर बड़े-बड़े स्लैब रखकर आवागमन बंद कर दिया गया है। इसके बाद आसपास के लोगों ने जब हंगामा किया तो स्लैब के एक हिस्से को सड़क से हटाया।
विज्ञापन
पावापुरी रेलवे ओवरब्रिज
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बख्तियारपुर-रजौली हाइवे के बिहार शरीफ प्रखंड अंतर्गत पावापुरी रेलवे ओवरब्रिज के पास बने फाटक को अचानक बुधवार रात को बंद कर दिया गया। गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि सड़क पर बड़े-बड़े स्लैब रखकर आवागमन को अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके बाद आसपास के लोगों ने जब हंगामा किया तो स्लैब के एक हिस्से को सड़क से हटाकर पुनः आवागमन को शुरू किया गया।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों में श्रीकांत पांडे, नागेंद्र कुमार सिंह और अन्य लोगों ने कहा कि बिना अंडर पास निर्माण कराए ही फाटक को बंद कर दिया गया था। चोरी छुपे रेलवे प्रशासन के द्वारा यह काम किया गया। हालांकि, जब उन लोगों ने विरोध किया तो सड़क से एक स्लैब को हटा दिया गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बिना अंडरपास निर्माण के ही फाटक बंद कर देना यह तानाशाही रवैया है। बच्चे बड़े सभी इस फाटक के बंद हो जाने से प्रभावित हो जाएंगे। आपातकाल की स्थिति में भी अगर लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचना होगा तो 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ेगा। इसके अलावा अगर किसी घर, मकान या दुकान में आग लगती है तो दमकल की गाड़ियों को भी अतिरिक्त सफर तय कर यहां पहुंचना पड़ेगा। रोजी रोजगार के सिलसिले में बिहार शरीफ जाने वाले ग्रामीण और मोहल्लेवासी भी इससे सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। हम लोगों की यही मांग है कि पहले अंडरपास का निर्माण कराया जाए। इसके बाद ही रेलवे प्रशासन फाटक बंद करने की पहल करे।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें: गया जंक्शन पर लगे एटीएम मशीन में लगी आग, मच गई अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
विज्ञापन
वार्ड नंबर 50 के लोगों की बढ़ी परेशानी
बिहार शरीफ नगर निगम के अधीन वार्ड नंबर 50 के लोगों को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे की सड़क बंद होने से खासा परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे फाटक अगर भविष्य में बंद किया जाता है तो वार्ड नंबर 50 के विजवनपर मोहल्ला तीन हिस्सों में बट जाएगा। चार पहिया या दो पहिया वाहन से मोहल्ले के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक जाने में लोगों को पांच से छह किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ेगा।
हाइवे पर फर्राटे भर रही गाड़ियां, नीचे रहने वालों की बढ़ी परेशानी
नेशनल हाइवे-20 पर रेलवे ओवरब्रिज पावापुरी के पास बन जाने से गाड़ियां फराटे भर रही हैं। जबकि इस रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एवं आसपास रहने वाली करीब 30 हजार की आबादी फाटक के बंद होने से प्रभावित हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: इस विद्यालय में कभी देश के प्रथम राष्ट्रपति ने शिक्षा ग्रहण की थी, आज संसाधनों की कमी से हाल बेहाल
ये मोहल्ले और गांव सीधे होगी प्रभावित
फाटक के बंद होने से बिहार शरीफ नगर निगम क्षेत्र के देवीसराय, किसान बाग, बैंक कॉलोनी, मेहरपर, सिपाह, पहाड़पुर, राणा बीघा, विजवनपर के अलावे कोरई पंचायत के देवधा, महानंदपुर, कासिमचक, श्रीरामनगर, कोरई गंगाबीघा, पचौरी पंचायत के पचौरी, लाखरावां, सकरौल पंचायत के सकरौल, मेहनौर, फतेहअली, तुंगी पंचायत के तुंगी एवं फतेहअली पैनापुर समेत अन्य गांव के लोग इससे सीधे प्रभावित होंगे।
पावापुरी स्टेशन जाने वालों की बढ़ी परेशानी
रेलवे फाटक बंद हो जाने से सड़क मार्ग से आने जाने वाले ही लोग नहीं, बल्कि बिहार शरीफ से पावापुरी रेलवे हाल्ट ट्रेन पकड़ने के लिए जाने वाले यात्रियों की भी समस्या बढ़ जाएगी। अगर फाटक बंद कर दिया जाता है तो 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय कर वाहन चालकों को पावापुरी रेलवे हाल्ट के पास पहुंचना पड़ेगा। पटना या राजगीर जाने के लिए हजारों यात्री प्रतिदिन बिहार शरीफ की ओर से पावापुरी रेलवे हाल्ट पहुंचते हैं।
यह भी पढ़ें: चलती बस में अचानक लग गई आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई अपनी जान; सुपौल से जा रही थी दिल्ली...तभी हुआ हादसा
सांसद ने दिया भरोसा
पावापुरी रोड रेलवे स्टेशन के समीप बिहार शरीफ से नवादा जाने वाली रोड पर बने फाटक के पास अंडर पास निर्माण के लिए स्थानीय सांसद के पास भी मोहल्ले वासियों ने गुहार लगाया है। नालन्दा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भरोसा दिया है कि वह इस मामले को रेल मंत्रालय के समक्ष रखेंगे और समस्या का जल्द से जल्द समाधान हो इस बात की कोशिश की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन को खबर नहीं
वहीं, जब इस मामले में सदर एसडीओ काजले वैभव नितिन से फाटक बंद करने और सड़क को अवरुद्ध करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस मामले में जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा इस बात की उन्हें जानकारी नहीं दी गई है। इस संबंध में पता लगाकर ही विस्तृत जानकारी दी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: समर शेड्यूल में फ्लाइटों की संख्या बढ़ने के बजाय घटी, अब यात्रियों को हो रही परेशानी
रेलवे इंस्पेक्टर ने क्या कहा
आरपीएफ इंस्पेक्टर जवाहर लाल ने कहा कि एनएच-20 पर बना आरओबी पूरी तरह से चालू हो गया है। जिसके कारण रेलवे के द्वारा चिट्ठी प्राप्त हुई थी की फाटक को बंद कर दिया जाए। इसी सिलसिले में बुधवार की रात आरपीएफ के साथ रेलवे के अधिकारी पावापुरी फाटक के पास पहुंचकर उसे बंद कर दिया था। लेकिन स्थानीय लोगों के द्वारा पुनः उसे खोल दिया गया है। फिर से टीम को रेलवे फाटक को बंद करने के लिए भेजा जा रहा है।